कमलनाथ ने कह दी यह बड़ी बात-जूते चप्पल में भी सेट कर रहे कमीशन
छिंदवाड़ा. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ गुरुवार को चार दिवसीय प्रवास पर छिंदवाड़ा पहुंचे। इमलीखे?ा हवाईपट्टी पर तेज बारिश के बीच कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। मीडिया से चर्चा में कमलनाथ ने प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार और महिला अपराध को लेकर शिवराज सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि देश के हृदय स्थल कहे जाने वाला हमारा प्रदेश, भ्रष्टाचार और महिला अपराध में नम्बर वन बन गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का आदिवासी व दलित हितैशी चेहरा जनता के सामने बेनकाब हो चुका है। भले ही इन्होंने अपनी आंखें बंद कर ली है, लेकिन प्रदेश में बिगड़ी कानून व्यवस्था और छिन्न-भिन्न होते सामाजिक ताने-बाने को जनता देख रही है। प्रदेश की जनता मुख्यमंत्री की असलियत को अच्छी तरह पहचान चुकी है। ये सोच रहे हैं कि प्रलोभन देकर जनता को गुमराह कर लेंगे, लेकिन ऐसा नहीं होगा क्योंकि प्रदेश की जागरूक जनता इनकी हकीकत जान व पहचान चुकी है। अब इनके झांसे और झूठी घोषणाओं में जनता नहीं आने वाली है। गत वर्ष अतिवृष्टि के कारण किसानों की फसलों को भारी नुकसान होने और उसका मुआवजा आज तक नहीं दिए जाने के सवाल पर कमलनाथ ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान ऐसी हजारों घोषणाएं कर चुके हैं, उन्हें खुद याद नहीं रहता है कि उन्होंने कहां कौन सी घोषणा कर दी। खास तौर पर चुनाव नजदीक आते ही मुख्यमंत्री जेब में घोषणाओं की पुडिय़ा लेकर चल रहे हैं, जहां जाते हैं वहां पुडिय़ा छोड़ आते हैं। केवल किसान ही नहीं आज प्रदेश का हर वर्ग अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रहा है, जनता इन्हें जवाब देने के लिये तैयार है।
शहनाई लॉन में कार्यकर्ताओं में जोश भरा
गुरुवार को शहनाई लॉन में आयोजित बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में जोश भरा। कहा कि आप सभी से मिलकर मुझे बल और शक्ति मिलती है, आपकी बनाई हुई नींव मजबूत है, लेकिन उस पर और इमारतें बना सकें, इतना मजबूत करना होगा। उन्होंने युवाओं को जोडऩे व नई टीम तैयार करने पर जोर देते हुए कहा कि जो जनता के करीब है उसे जिम्मेदारी सौंपें, यहां व्यक्तिगत संबंधों को दूर रखें, क्योंकि जो आपके करीब है जरूरी नहीं कि वो जनता के भी नजदीक हो। आज कोई गांव और घर कांग्रेस और भाजपा का नहीं है, एक ही घर में चार सदस्य हैं तो चारों की विचारधारा अलग-अलग है। आपको कोई जिम्मेदारी नहीं देगा, आपको स्वयं जिम्मेदारी उठानी होगी, फिर आपकी जिम्मेदारी मैं उठाऊंगा।
प्रदेश में चल रही कमीशन वाली सरकार
उन्होंने बैठक में कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को 18 साल लाड़ली बहनों व किसानों की याद नहीं आई, अब ये अपने पाप धो रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जूते और चप्पल खरीदकर उसमें भी अपना कमीशन सेट करते हैं। उन्होंने प्रदेश के अन्य जिलों में फैले भ्रष्टाचार की स्थिति से अवगत कराते हुए कहा कि छिंदवाड़ा में सबसे कम भ्रष्टाचार है, अन्य जिलों के हालात बेहद चिंताजनक है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बैठक में कहा कि भाजपा ने प्रदेश को भ्रष्टाचार का गढ़ बना दिया है। आयोजित बैठक में पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष गंगाप्रसाद तिवारी, छिंदवाड़ा प्रभारी सुनील जायसवाल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे, कार्यवाहक अध्यक्ष गोविंद राय, निगम महापौर विक्रम अहके सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
सौजन्य : Patrika
नोट : समाचार मूलरूप से patrika.com में प्रकाशित हुआ है ! मानवाधिकारों के प्रति सवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित !









