दलित छात्रा से गैंगरेप-मर्डर मामले में एक और पुलिस वाला अरेस्ट
बीकानेर.सीमावर्ती क्षेत्र खाजूवाला में दलित छात्रा से सामूहिक बलात्कार के बाद हत्या के मामले में एक और सिपाही को गिरफ्तार कर लिया गया है.आरोपी सिपाही को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि निलंबित सिपाही भागीरथ सहारण की मामले में संलिप्तता सामने आई है.
एफएसएल रिपोर्ट में सिपाही की मौजूदगी घटनास्थल पर पाई गई. इसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया है. इसे मिला कर पुलिस अब तक इस मामले में दो सिपाहियों समेत सात जनों को गिरफ्तार कर चुकी है. एक सिपाही मनोज कुमार सेवा से बर्खास्त भी हो चुका है.
आरोपी के पिता ओमप्रकाश, दोस्त कपिल बिश्नोई और अनोप सिंह,मुख्य आरोपी दिनेश बिश्नोई को सीकर से गिरफ्तार किया गया है. मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने खाजूवाला थाने के आगे कई दिनों तक विरोध-प्रदर्शन किया. मुख्य आरोपी पर बीकानेर रेंज पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश ने 40 हजार रुपए का इनाम घोषित किया. साथ ही उक्त मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई.
उल्लेखनीय है कि खाजूवाला में 20 जून को दिन में दलित छात्रा की बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई. मामले में संलिप्त मिलने पर सिपाही मनोज कुमार जाट को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया और तत्कालीन थानाधिकारी को भी निलंबित किया गया था. थाने में लंबे समय से बैठे 18 कर्मचारियों को दूसरी जगह तैनात कर यहां नए जवानों को तैनाती दी गई.
सौजन्य : News18
नोट : समाचार मूलरूप से news18.com में प्रकाशित हुआ है ! मानवाधिकारों के प्रति सवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित !









