चाय पी रहे दलित को दबंगों ने मारी लात:गुरुवार को समझौते के लिए बुलाई पंचायत में फिर की मारपीट, आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
दमोह जिले के जेरठ चौकी क्षेत्र में आने वाले हिनौता घाट गांव में बुधवार को चाय की दुकान पर चाय पी रहे एक दलित को दुकानदार के बेटे ने लात मारकर गिरा दिया और उसके बाद मारपीट कर दी।
दलित का आरोप है कि वह नीची जाति का है, इसलिए उसके साथ इस तरह का व्यवहार किया गया। अगले दिन गुरुवार दोपहर गांव में पंचायत बुलाई गई। वहां पर भी आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। पीड़ित ने पथरिया थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
पीड़ित रामकिशोर अहिरवाल ने बताया कि हिनौता घाट गांव में चाय की दुकान पर चाय पीने पहुंचा था। तभी चाय दुकान संचालक के बेटे ने मुझे लात मार दी, क्योंकि मैं कुर्सी पर बैठा था। उसने जाति का अपमान भी किया। गुरुवार को समझौते के लिए पंचायत बुलाई गई थी। जिसमें अपना पक्ष रखने के लिए मैं अपने पिता के साथ पहुंचा था। वहां पर भी आरोपी प्रदीप लोधी उसके चाचा सूरज लोधी, चंदन लोधी और गजराज लोधी ने मेरे साथ मारपीट की। इसके बाद मैं पथरिया थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
पथरिया टीआई रजनी शुक्ला ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ जातिगत अपमान और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सौजन्य : Dainik bhaskar
नोट : समाचार मूलरूप से bhaskar.com में प्रकाशित हुआ है ! मानवाधिकारों के प्रति सवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित !









