मोदीनगर में परिवार के धर्मांतरण के प्रयास का आरोप
मोदीनगर। शाहजहांपुर गांव में शनिवार को एक एसी वर्ग के परिवार का धर्मांतरण कराने के प्रयास का मामला सामने आया है। सूचना पर हिंदू युवा वाहिनी से जुड़े लोग वहां पहुंचे और हंगामा काटा। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। गांव निवासी कंवरपाल के पुत्र रोहित के दो वर्षीय बेटे की तबीयत खराब चल रही है।
परिजनों के अनुसार उन्होंने हापुड़ निवासी ईसाई धर्म से जुड़े कुछ लोगों को इसकी जानकारी दी। ईसाई धर्म से जुड़े करीब दस लोग शनिवार को कंवरपाल के घर पहुंचे और प्रार्थना सभा करने लगे। इसी बीच किसी ने एक दलित परिवार के धर्मांतरण की चर्चा फैला दी। सूचना के बाद हिंदू युवा वाहिनी से जुड़े लोग वहां पहुंचे तथा हंगामा करने लगे। हंगामा कर रहे लोगों का आरोप था कि जबरन एक परिवार का धर्मांतरण कराया जा रहा है।
पुलिस परिवार और हापुड़ से आए लोगों को पूछताछ के लिए चौकी ले आई। हापुड़ से आए लोगों का कहना था कि रोहित का परिवार ईसाई धर्म को मानता है और उनके बुलावे पर ही हम यहां प्रार्थना के माध्यम से घर की शुद्धि करने आए थे। एसीपी ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि रोहित और हापुड़ से आए लोग पहले से ही ईसाई धर्म को मानते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए गहराई से जांच की जा रही है। काेई तहरीर नहीं मिली है।
सौजन्य : amarujala.com
नोट : समाचार मूलरूप से amarujala.com में प्रकाशित हुआ है ! मानवाधिकारों के प्रति सवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित !









