अमेठी में खेत में मिला महिला का शव:शरीर पर दिखे चोट के निशान, पुलिस बोली- सभी बिंदुओं पर की जा रही है जांच
अमेठी में गुरुवार की शाम 50 वर्षीय दलित महिला का शव खेत में मिलने से हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई।
ये पूरा मामला मुंशीगंज कोतवाली क्षेत्र के गोवर्धनपुर गांव का है। जहां की रहने वाली 50 वर्षीय दलित महिला विमला देवी पत्नी हरीराम कोरी आज सुबह करीब 9 बजे घर से निकली थी। काफी देर बाद भी जब विमला घर वापस नहीं लौटी तो सुबह 11 बजे से परिजनों ने उनकी खोजबीन करना शुरू कर दी। शाम करीब चार बजे विमला का शव घर से लगभग 100 मीटर दूर ढैंचा के खेत के पास पड़ा मिला। शव की कलाई, दाएं हाथ की कोहनी,पीठ समेत कई स्थानों पर खरोंच के निशान भी बताए जा रहे थे। शव मिलने की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची मुंशीगज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
थानाध्यक्ष पारसनाथ यादव ने बताया कि मृतक के पुत्र शिवपूजन की तहरीर पर मामला दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेजा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने पर ही मौत की सही वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। मृतका के बेटे शिवपूजन ने कहा कि आज सुबह उसकी मां कही निकली थी और शाम को उसका शव मिला है।
सौजन्य : dainik bhaskar
नोट : समाचार मूलरूप से bhaskar.com में प्रकाशित हुआ है ! मानवाधिकारों के प्रति सवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित !









