दलित नेताओं का मुरीद है ये युवा, अपनी शादी के कार्ड पर छपवाया उदाराम मेघवाल और चंद्रशेखर आजाद का फोटो
बाड़मेर. उदाराम मेघवाल को लेकर युवाओं में कितना क्रेज है इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता हैं कि एक युवा ने अपनी शादी के निमंत्रण कार्ड पर उनकी फ़ोटो लगा दी. प्रदेशभर में कई राजनेता ऐसे है जोकि युवाओं के प्रेरणास्रोत है. हाल ही में बाड़मेर जिले के शिव के पूर्व प्रधान एवं सामाजिक कार्यकर्ता उदाराम मेघवाल के प्रति युवाओं का क्रेज बढ़ रहा है. एक युवा ने अपनी शादी के निमंत्रण कार्ड पर उनका फ़ोटो तक लगा दिया है.
यह निमंत्रण पत्र जब वो दलित नेता उदाराम मेघवाल को देने पहुंचा तो मेघवाल कार्ड को देखकर ना केवल खुश हुए बल्कि इसे अपना सौभाग्य बताते हुए जनता की उम्मीदों पर खरा रहने को लेकर और मेहनत करने की बात कही. दरअसल भारत-पाकिस्तान सीमा पर बसे बाड़मेर के बाटाड़ा झाख निवासी भूराराम मेघवाल के बेटे शिवराज की शादी 10 मई को होने जा रही है. दूल्हे शिवराज की शादी शिव उपखण्ड क्षेत्र के बिस्सू कल्ला निवासी स्वर्गीय हरसिंगाराम मेघवाल की पुत्री मंजू के साथ होगी. दूल्हा शिवराज फर्नीचर का काम करता है और दुल्हन पढाई.
दलित नेताओं के दीवाने
शिवराज ने अपने शादी के निमंत्रण पत्र पर उदाराम मेघवाल और भीम आर्मी के चीफ चन्द्रशेखर आजाद का फोटो लगाया है.दूल्हे शिवराज के मुताबिक दलितों और शोषितों के लिए उदाराम मेघवाल दिन रात लगे हुए है और उनकी ही वजह से कई लोगों को सच्चा न्याय मिल पाता है. उदाराम मेघवाल के प्रति जो उसके मन में आदर भाव था उसको उसने इस कार्ड के माध्यम से दर्शाया है.
गरीबों के मसीहा
दरअसल बाटाड़ा झाख निवासी शिवराज समाजिक कार्यकर्ता उदाराम मेघवाल और भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद का समर्थक है. दूल्हे के भाई स्वरूपाराम ने बताया कि उदाराम मेघवाल और चंद्रशेखर आजाद गरीबों, पीड़ितों औरबहुजनो के मसीहा है. उन्होंने कहा कि शुभ काम मे भगवान गणेश को याद किया जाता है ऐसे में उदाराम मेघवाल किसी भगवान से कम नही है. किसानों व गरीबों की मदद के लिए दिन रात मेहनत करते है.
क्या बोले मेघवाल
सामाजिक कार्यकर्ता एव एससी-एसटी एकता मंच के अध्यक्ष उदाराम मेघवाल ने कहा, ‘मैं एक सामाजिक कार्यकर्ता हूंऔर अपने समाज के हर कार्यक्रम में जाता हूं. इसी के कारण युवा मेरे को आदर्श मानते है और हम संविधान को मानते है. यही वजह है कि शादी के कार्ड में भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर के साथ मेरा फ़ोटो भी लगाया गया है. हर वक्त गरीबों की आवाज उठाने का काम किया है इसी वजह से अब समाज के लोग शादी कार्ड पर फ़ोटो भी छपवाते है.
सौजन्य : News18
नोट : समाचार मूलरूप से news18.com में प्रकाशित हुआ है ! मानवाधिकारों के प्रति सवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित है !









