बिहार में 2 दलित छात्रों को प्रिंसिपल ने बेरहमी से पीटा, FIR दर्ज
बिहार के जमुई जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। स्कूल के प्रिंसिपल और उसके भाई ने दो दलित छात्रों को बुरी तरह से पीट दिया। दोनों छात्र पिटाई के दौरान गुरुजी, हमें छोड़ दीजिये, बहुत दर्द हो रहा है, कह रहे थे लेकिन प्रिंसिपल और उसके भाई को दोनों छात्रों पर तरस नहीं आया। छात्र की मां की ओर से एससी एसटी थाने में दिए गए आवेदन के बाद स्कूल संचालक के भाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं आरोपी प्रिंसिपल की तलाश में पुलिस जुट गई है।
सिकंदरा थाना अंतर्गत चारण गांव निवासी कपिल देव पासवान की पत्नी अनीता देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि उनका लड़का अनिकेत जिसकी उम्र 15 वर्ष है, जो स्थानीय आवासीय बाल विकास विद्यालय रजिस्ट्री कचहरी के समीप पढ़ता है। अभी मात्र एक महीना ही हुआ है, अचानक उनके बेटे को प्रिंसिपल गौतम कुमार सिंह ने कार्यालय में बुलाकर बीते 14 अप्रैल को फॉर्म भरने की राशि देने में देर होने के सवाल पर डंडे और लोहे के पाइप से पिटाई कर दी। पिटाई में उनके बेटे को गंभीर चोट लगी।
थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार बच्चे के चिल्लाने की आवाज सुनकर उनका भतीजा, जो उसी स्कूल में पढ़ता है, मोनू पासवान कार्यालय में उपस्थित होकर बेरहमी से पिटाई का विरोध किया। इतने में प्रिंसिपल का भाई चीकू सिंह आया और मोनू को लोहे के पाइप से पीटने लगा। दोनों मिलकर जातिसूचक शब्द कहकर गाली दी। किसी तरह उनका बेटा और भतीजा द्वारा परिवार वालों को जानकारी दी गई। जब वे लोग आए तो पिटाई का दाग छात्रों के शरीर पर साफ साफ दिखाई दे रहा था। एससी एसटी थाना में उनके आवेदन पर मामला दर्ज कर चीकू सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
सौजन्य : Live hindustan
नोट : समाचार मूलरूप से livehindustan.com में प्रकाशित हुआ है ! मानवाधिकारों के प्रति सवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित है !









