दलित दूल्हे को दबंगों ने घोड़ी चढ़ने से रोका फिर ऐसे शान से निकली बारात
झालावाड़ जिले के एक गांव में दलित दूल्हे को घोड़ी पर बैठने से दबंगों द्वारा रोकने का मामला सामने आया है. घटना झालावाड़ जिले के मिश्रौली थाना क्षेत्र के चंद्रपुरा गांव की है, जहां दलित दूल्हा महेश वर्मा की गांव में निकासी निकल रही थी, लेकिन दबंगों ने अपने घर के सामने से दलित दूल्हे को घोड़ी पर बैठ कर निकलने से रोक दिया. दलित समाज के अन्य लोगों द्वारा मिली सूचना के बाद भारी पुलिस दल चंद्रपुरा गांव पहुंचा और पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में दलित दूल्हे की निकासी निकाली जा सकी.
दलित दूल्हे महेश वर्मा (मेघवाल) ने ज़ी मीडिया से फोन पर वार्ता कर जानकारी दी, कि देर रात चंद्रपुरा गांव में उसकी निकासी निकाली जा रही थी, उसी दौरान जब निकासी गांव के कुछ दबंग सवर्णों के घर के सामने पहुंची, तो दबंग परिवारों ने डीजे को वही रुकवा दिया और दूल्हे को घोड़ी से नीचे उतर कर सामने से पैदल निकलने के लिए धमकाया. ऐसे में दलित परिवार के सभी लोगों ने निकासी को वापस मोड़ लिया. हालांकि उसी दौरान गांव के ही कुछ दलित लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी. सूचना मिलते ही भवानीमडी डीएसपी किशोर सिंह चौहान मिश्रौली थाना पुलिस जाब्ते के साथ चंद्रपुरा गांव पहुंचे और पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में दलित दूल्हे को घोड़ी पर बैठा कर पूरे गांव में निकासी निकलवाई. हालांकि गांव के दबंगों के डर की वजह से पीड़ित परिवार द्वारा किसी नामजद व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज नहीं कराया गया है.
उधर पूरे मामले में झालावाड़ पुलिस अधीक्षक रिचा तोमर ने बताया कि किसी माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी, कि मिश्रौली थाना क्षेत्र के चंद्रपुरा गांव में किसी दलित दूल्हे की निकासी को रोकने का प्रयास किया जा रहा है. जिसके बाद भवानीमंडी सर्किल डीएसपी किशोर सिंह मिश्रौली पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंच गए थे. दलित दूल्हे की निकासी बहुत ही शांतिपूर्ण तरीके से गांव में निकाली गई है. किसी के भी द्वारा कोई अवरोध नही किया गया. परिवार द्वारा किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई शिकायत भी नहीं दी गई है, ऐसे में पुलिस द्वारा फिलहाल को कोई प्रकरण भी दर्ज नहीं हुआ है. निकासी निकालने में ग्रामीणों ने भी खुद सहयोग किया है.
हालांकि पीड़ित परिवार ने बताया कि दलित परिवारों के गांव में गिने-चुने घर है. ऐसे में दबंगों के खिलाफ कोई प्रकरण दर्ज नहीं कराया गया है. निकासी तो फिलहाल शांतिपूर्वक निकल गई है, लेकिन यदि बाद में दबंगों द्वारा डराने अथवा धमकाने का प्रयास किया गया, तो उनके द्वारा पुलिस से शिकायत की जाएगी. दलित दूल्हा महेश वर्मा भी पुलिस विभाग के एसआई भर्ती की तैयारी कर रहा है.
सौजन्य : Zee news
नोट : समाचार मूलरूप से zeenews.india.com में प्रकाशित हुआ है| मानवाधिकारों के प्रति सवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित है!









