बेटी की लगन लेकर गए दलित परिवार पर दबंगों ने किया हमला, खाकी के साये में हुआ आयोजन
दमोह जिले में दलित परिवार पर दबंगों ने हमला कर दिया। दलित परिवार अपनी बेटी की लगन लेकर दूसरे गांव गए थे, वहां किसी बात पर इलाके के दबंगों ने उनसे मारपीट की, वे जान बचाकर अपने गांव पहुंचे तब पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भेजा।
मध्यप्रदेश के दमोह जिले में दलित परिवार के साथ दबंगों की मारपीट का मामला सामने आया है। दलित परिवार बेटी की लगन लेकर पहुंचे थे, तभी गांव के दबंगों ने हमला कर दिया। पुलिस ने सुरक्षा देते हुए कार्यक्रम संपन्न करवाया। लड़के पक्ष के लोगों ने दबंगों के खिलाफ इमलिया चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार मामला तेजगढ़ थाना क्षेत्र के वरबटा गांव का है। बताया गया कि दमोह के इमलाई गांव से हल्के अहिरवार अपने भाई महेश अहिरवार व अन्य लोगों के साथ अपनी बेटी की लगन लेकर इमलिया चौकी के अंतर्गत आने वाले वरबटा गांव गए हुए थे। दलित परिवार वरबटा गांव के गंगाराम अहिरवार के घर पहुंचा और लगन कार्यक्रम शुरू हुआ तभी लड़की पक्ष के लोगों से गांव के ठाकुर परिवार के लोगों का विवाद हो गया और उन्होंने लड़की पक्ष के लोगों के साथ मारपीट कर दी। बताया गया कि मुठ्ठू ठाकुर, छोटू ठाकुर, पुष्पेन्द्र ठाकुर, गोविंद ठाकुर, विश्राम ठाकुर, लल्लू ठाकुर, चन्द्रभान ठाकुर, उत्तम ठाकुर, भोला ठाकुर सहित अन्य लोग गंगाराम के घर पहुंचे और इमलाई से वरबटा गये लड़की पक्ष के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। दलित परिवार अपनी जान बचाकर वरबटा से भागे और सीधे इमलिया चौकी पहुंचे, वहीं घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया।
लड़के के पिता गंगाराम अहिरवार ने बताया कि उनके घर दमोह से लड़की पक्ष के लोग लगन लेकर आए थे। तभी गांव के कुछ लोगों ने दबंगई दिखाते हुए लड़की पक्ष के लोगों के साथ मारपीट कर दी। इसलिए सभी लोग रिपोर्ट लिखने इमलिया चौकी आए हैं। सूचना मिलने के बाद इमलिया चौकी प्रभारी आनंद अहिरवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस की मौजूदगी में लगन कार्यक्रम संपन्न कराया साथ ही आरोपियों पर मामला दर्ज किया। वहीं इस घटना में योगेंद्र अहिरवार और महेश अहिरवार के घायल होने के कारण इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सौजन्य : Amar ujala
नोट : यह समाचार मूलरूप से amarujala.com में प्रकाशित हुआ है| मानवाधिकारों के प्रति सवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशिकिया है !









