शादी में बुलेट देने पर दबंगों ने दी धमकी, फिर खाकी के साए में पहुंची बेटी की बारात, योगी सरकार की मदद से गदगद हुआ परिवार
संभल. यूपी के संभल जिले में एक बेटी की आने वाली बारात के लिए पुलिस ने ऐसे इंतजाम किए जिससे पूरा परिवार गदगद हो गया. दरअसल, गांव के दबंगों ने बेटी की शादी में बुलेट गाड़ी देने का विरोध कर बारात न चढ़ने देने की धमकी दी थी. जिसके बाद परिवार ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई. जिसके बाद एक्शन में आई पुलिस ने ड्रोनऔर पूरी फोर्स के साथ बेटी की बारात को सुरक्षा दी. मंगलवार को संभल के गांव में दलित की बेटी की बारात को पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच निकलवाया. पुलिस ने ड्रोन से भी बारात की निगरानी कराई. पुलिस की सुरक्षा से अब दलित परिवार गदगद है.
पूरा मामला गुन्नौर थाना के गांव घुघैइया का है.आपको बता दें कि इस गांव की रहने वाली शीला ने अपनी बेटी की बारात को दबंगों द्वारा रोकने की धमकी देने की शिकायत करते हुए पुलिस से सुरक्षा मांगी थी. जिसके बाद जहां ये मामला मंगलवार को मीडिया की सुर्खियां बना वहीं, एसपी ने पुलिस तैनात कर पूरी सुरक्षा में शादी संपन्न कराने का आदेश दिया. दोपहर से गांव में पुलिस ही पुलिस तैनात थी. देर सायं अलीगढ़ से बारात पहुंची तो आगे-आगे पुलिस और ऊपर ड्रोन की निगरानी से बेटी की बारात को कवर किए रहे. पूरी सुरक्षा के बीच बैंड बाजे संग बारात निकली। जिसके बाद दलित परिवार प्रशासनिक सुरक्षा और मीडिया की मदद से गदगद नजर आया.
मां ने कहा बुलेट गाड़ी का हो रहा था विरोध
दुल्हन की मां ने बताया कि गांव में उनका परिवार एकलौता दलित है. 7 फ़रवरी को शादी थी. उन्होंने लड़के वालों को बुलेट गाड़ी देने की बात कही. जिसका विरोध गांव वाले कर रहे थे. उन्होंने धमकी दी थी कि बारात नहीं निकलने देंगे. अगर बारात निकली तो ईंट-पत्थर बरसाएंगे. जिसके बाद उन्होंने पुलिस से सुरक्षा मांगी थी. उन्होंने कहा कि पुलिस ने जो सुरक्षा दी उससे वह काफी खुश हैं. उनकी बेटी की शादी सकुशल संपन्न हुई.
सौजन्य : News18
नोट : यह समाचार मूलरूप से news18.com में प्रकाशित हुआ है| मानवाधिकारों के प्रति सवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशिकिया है !









