सफाईकर्मी की पत्नी को बनाया बहन:3.71 लाख का भरा मायरा, हनुवंत हॉस्टल के स्टूडेंट की पहल
जोधपुर में पावटा स्थित हनुवंत हॉस्टल में सफाईकर्मी के परिवार में शादी के अवसर पर पूर्व और वर्तमान छात्रों ने अनूठी पहल की है। उन्होंने सफाईकर्मी की पत्नी को बहन बनाकर बेटी की शादी पर 3 लाख 71 हजार रुपए नकद, घरेलू जरूरत का सामान व 51 हजार का चेक देने के साथ चुनरी ओढ़ाकर मायरा भरा।
इसके लिए सोशल मीडिया पर मुहिम चलाई गई। इसके बाद ढोल नगाड़ों के साथ सभी मायरा भरने विवाह स्थल पहुंचे। मायरा भरने आए स्टूडेंट ने सेवा देने वाले संतराम हरिजन की पुत्री पिंकी देवी को चुनरी ओढ़ाकर पिंकी की शादी के लिए 3.71 लाख रुपए थाली में भेंट किए। संतराम का परिवार पिछले कई वर्षों से हॉस्टल में सेवाएं दे रहा है।
सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. शिवसिंह राठौड़ ने बताया संतराम और उनके परिजनों के किए गए सेवा कार्य को भुलाया नहीं जा सकता। यही कारण है कि सभी छात्र एक मंच पर आए और मायरा भरा। बता दें की महाराजा हनुवंत राजपूत हॉस्टल 70 साल से अधिक पुराना है। जब हॉस्टल बना तब संतराम के दादा पूनाराम यहां सफाई का कार्य करते थे। उसके बाद संतराम के पिता छोटूराम यहां सेवा कार्य करते थे। इसके बाद अब संतराम यहां सेवाएं दे रहे हैं।
पूर्व छात्र डॉ. सवाई सिंह सारुंडा, जेएनवीयू कला संकाय के पूर्व उपाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह ने बताया कि मायरे में 3 लाख 71 हजार रुपए रोकड़, घरेलू सामान- फर्नीचर व हनुवंत एजुकेशन सोसाइटी की ओर से 51 हजार रुपए का चेक दिया गया। स्टूडेंट ने संतराम की पत्नी इंदुदेवी को चुनरी ओढ़ाई और संतराम को पाट पर बिठाकर तिलक लगा मायरा की राशि भेंट दी। इससे पूर्व संतराम के घर की महिलाओं ने मायरा व मंगल गीत गाकर सभी मायरेदारों का स्वागत किया।
इस अवसर पर सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. शिवसिंह राठौड़, समाजसेवी समुद्र सिंह नोसर, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रविन्द्र सिंह राणावत, पूर्व उपाध्यक्ष जेएनवीयू चंद्रवीर सिंह बड़ला, भाजयुमो जिलाध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह, जितेंद्र सिंह भांडू, दिलीपसिंह शिवपुरा, जेएनवीयू अध्यक्ष अरविंदसिंह भाटी, डॉ. सवाई सिंह, श्रवणसिंह, लोकेंद्रसिंह गोरडिया, चेतन सिंह, जेठूसिंह, राजेंद्रसिंह भोजासर, भरतसिंह तेजमालता, स्वरूप सिंह जसोल सहित कई स्टूडेंट मौजूद रहे।
सौजन्य : bhaskar
नोट : यह समाचार मूलरूप से bhaskar.com में प्रकाशित हुआ है| मानवाधिकारों के प्रति सवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशिकिया है !









