पुलिस आफिस पर फूट-फूटकर रोई महिला, गिरफ्तारी न हुई तो परिवार सहित करुंगी आत्मदाह
मेरठ : पति के साथ मारपीट करने एवं परिवार पर जातिसूचक टिप्पणी करने में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर दलित महिला पुलिस आॅफिस पर खूब रोई। महिला ने कार्रवाई न होने पर एसएसपी आॅफिस पर परिवार सहित आत्मदाह की चेतावनी दी है। गंगानगर थाना क्षेत्र ईशापुरम निवासी एक दलित महिला परिवार सहित पुलिस आॅफिस पहुंची और गंगानगर थाना पुलिस पर मारपीट के आरोपियों को छोड़े जाने व सही धारा न लगाने का आरोप लगाया। महिला पुलिस आॅफिस पर खूब रोई और दबंग परिवार पर धमकी देने और जातिसूचक शब्दों को इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
दलित महिला ओमवीरी ने बताया कि 17 दिसम्बर को उसके पति चन्द्रपाल पड़ोस में गोपाल किराना स्टोर पर दूध लेने गये थे। दिव्यांग होने की वजह से पति बाइक से न उतरकर दूध की थैली पक ड़ा देने की बात कही थी, लेकिन जब दूध की थैली नहीं दी गई तो उन्होंने सिर्फ कहा कि चल रख अपनी थैली। इतना कहकर वह अपने घर चले आये, लेकिन थोड़ी देर बाद ही किराना स्टोर मालिक नरेन्द्र प्रजापति और उसकी पत्नी पूनम व उसके भतीजे घर पर आये और घर में घुसकर हमला बोल दिया। उसके पति चन्द्रपाल को जमीन पर गिरा-गिराकर पीटा। परिवार के साथ मारपीट की और धमकी दी कि तूझे यहां से भगाकर दम लेंगे।
महिला ने एसएसपी आॅफिस पर मौजूद सीओ ब्रहमपुरी को प्रार्थनापत्र सौंपा और आरोपी नरेन्द्र प्रजापति पर सही धारा में मुकदमा दर्ज करने की मांग की। महिला ने रोते हुए बताया कि नरेन्द्र दबंग प्रवत्ति का है, उन्हें कई बार जातिसूचक शब्दों से प्रताड़ित कर कालोनी से भगाने की धमकी देता है। थाना गंगानगर प्रभारी दिनेश प्रताप पर आरोप लगाया कि वह केस में फैसले का दबाव बना रहे हैं। वहीं हमलावर लोग लगातार कालोनी से मकान बेचकर भगाने की धमकी दे रहे हैं। महिला ने रोते हुए कहा कि अगर आरोपी पर सही धारा में मुकदमा दर्ज व कार्रवाई नहीं हुई तो वह परिवार सहित एसएसपी आॅफिस पर आत्मदाह कर लेगी। जिसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
सौजन्य : Janta se rishta
नोट : यह समाचार मूलरूप से jantaserishta.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









