बस्ती में भैंस चराने गई दलित युवती से मारपीट और रेप, पीड़िता की हालत गंभीर, केस दर्ज
Posted On November 2, 2022
0
349 Views
उत्तर प्रदेश के बस्ती में एक 20 वर्षीय दलित युवती से मारपीट के बाद रेप का मामला सामने आया है. रेप की ये वारदात छावनी थाना क्षेत्र के गांव की है. पीड़िता के पिता ने इस मामले में पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पिता ने बताया कि सोमवार शाम को उनकी बेटी भैंस चराने गई थी जहां एक युवक ने उसके साथ मारपीट की और रेप की वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने इस मामले मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
दलित युवती से मारपीट और रेप
पीड़िता के पिता ने पुलिस में तहरीर दी है. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी गांव के इंटर कॉलेज के पीछे भैंस चराने गई थी, तभी वहां एक बाइक सवार युवक पहुंचा. उसने पहले युवती से भैंस के बारे में पूछा और आगे चला गया. इसके बाद वो एक बार फिर से वापस लौटा और युवती से मारपीट की और उससे रेप किया. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची, जहां उसने अपने साथ हुई इस वारदात की जानकारी परिजनों को दी. युवती को कई गंभीर चोटें आई है.
पिता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज
पीड़िता के परिजनों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया है. जहां उसका इलाज किया जा रहा है. घटना की सूचना पर एसपी आशीष श्रीवास्तव, एडिशनल एसपी, क्षेत्राधिकारी हर्रैया, थानाध्यक्ष छावनी व फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गई.
इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक बस्ती आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर रेप का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है. जल्द ही फरार आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
सौजन्य : Abp live
नोट : यह समाचार मूलरूप से abplive.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









