दलित युवक के साथ मारपीट के विरोध में एकजुट हुए समाज, युवक की हालत है गंभीर
दलित समाज के युवक के साथ हुई मारपीट के विरोध में दलित समाज के लोगों ने देहलीगेट थाने पर धरना लगा दिया है। इस दौरान समाज के लोग जमकर हंगामा कर रहे हैं और आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
युवक के साथ बुधवार देर रात मारपीट की गई थी, जिसके बाद उसकी हालत गंभीर है। गंभीर हालत में उसे जेएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। अब पीड़ित परिवार के साथ सैकड़ों की संख्या में दलित समाज के लोग धरने पर बैठे हैं और लोगों ने देहलीगेट थाने का भी घेराव किया है।
दलित युवक के साथ रात में हुई मारपीट
देहलीगेट थाना क्षेत्र निवासी गुरु दयाल ने बताया कि उनका पुत्र अशोक कुमार भाजपा नेता गौरव वार्ष्णेय के यहां पिछले 3-4 सालों से काम कर रहा है। बुधवार देर रात गौरव वार्ष्णेय, उसकी पत्नी और तीन चार अज्ञात लोगों ने उनके पुत्र के साथ जमकर मारपीट की।
आरोपियों ने उन्हें जाति सूचक गालियां दी और जान से मारने की नीयत से लोहे की सारिया, लाठी डंडों से बुरी तरह से पीटा। जिसके बाद गंभीर हालत गंभीर है। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। जिसके चलते समाज के लोगों ने चौराहे पर जाम लगा दिया है और जमकर हंगामा चल रहा है।
भाजपा मुर्दाबाद के लगे जमकर नारे
मारपीट करने का आरोपी गौरव वार्ष्णेय भाजपा नेता बताया जा रहा है। जिसके बाद दलित समाज के लोग उसकी जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वहीं देहलीगेट चौराहे पर जमकर हंगामा हुआ।
चौराहे पर अभी भी सैकड़ों की संख्या में दलित समाज के लोगों ने धरना जारी है और लोग भाजपा मुर्दाबाद के नारे लगा रहे हैं। लोगों के धरने को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस भी मौके पर तैनात कर दी गई है। लोग जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
युवक की हालत है गंभीर
मारपीट के बाद युवक को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, जिसके बाद उसे जेएन मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है। युवक के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मेडिकल कालेज में डॉक्टरों की टीम उसके इलाज में जुटी हुई है और युवक को आईसीयू में रखा गया है।
पुलिस ने दर्ज किया पीड़ितों का मुकदमा
सीओ प्रथम अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष का मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्दी ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
सौजन्य : Dainik bhaskar
नोट : यह समाचार मूलरूप से bhaskar.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









