स्कूल में दलित छात्रा को किया घायल, नौ लोगों पर केस दर्ज
स्थानीय थाने के मिडिल स्कूल मंड़वा में सातवीं कक्षा की दलित छात्रा को कुछ लोगों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के संबंध में जख्मी छात्रा ने थाने में तीन शिक्षकों एवं सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली छह छात्राओं समेत कुल नौ लोगों को नामजद किया है। दर्ज प्राथमिकी में छात्रा ने कहा है कि 15 सितंबर को करीब एक बजे बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की तस्वीर पर चप्पल मारी जा रही थी।
जिसे मना करने जाति सूचक शब्द से गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की गई। जख्मी छात्रा को इलाज के लिए स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से उसे सदर अस्पताल गोपालगंज रेफर किया गया। स्थानीय विधायक प्रेमशंकर प्रसाद यादव ने पीड़ित छात्रा के घर जाकर परिजनों से मामले की जानकारी ली। उसके बाद अस्पताल पहुंचकर छात्रा का हाल जाना। दलित छात्रा की हुई पिटाई के बाद मामला वरीय अधिकारियों के संज्ञान में जब आया तो वे छानबीन में जुट गए। उधर, प्राथमिकी में आरोपित शिक्षकों ने छात्रा के साथ मारपीट की घटना से इंकार किया है।
थानाध्यक्ष धनंजय राय ने बताया कि दर्ज प्राथमिकी के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। इधर, दलित छात्रा की पिटाई की घटना को लेकर सूबे के पूर्व मंत्री जनक राम गांव में पहुंचे। पीड़ित छात्रा से पूरे घटनाक्रम की उन्होंने जानकारी ली। उसके बाद स्कूल में पहुंचकर ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों के साथ शांति वार्ता की। स्कूल के हेड मास्टर ललन मिश्रा से भी जानकारी ली। मौके पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष हेमंत कुशवाहा, स्थानीय मुखिया के पति ओमप्रकाश सिंह, शुभ नारायण सिंह सहित कई लोग मौजूद थे।
सौजन्य : Livehindustan
नोट : यह समाचार मूलरूप से livehindustan.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









