दलित को पीटने के मामले में ताजपुर का प्रधान गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर में दलित उत्पीड़न की घटनाओं की लंबी फहरिस्त है। शुक्रवार रात छपार थाना क्षेत्र के गांव ताजपुर के प्रधान एक दलित को जूते से पीटने के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। मई माह में चरथावल थाना क्षेत्र के गांव पाववटी खुर्द में दलितों पर जातिगत टिप्पणी के आरोप में दो गिरफ्तारी हो चुकी है। इसी वर्ष फरवरी में गांव बिहारगढ में ठाकुर प्रधान पति ने एक दलित को उसके गले में पट्टा डालकर पीटा था।
विवाद सुलझाने के लिए बुलाया, जूते से पीटा
बात शुरू करते हैं छपार थाना क्षेत्र के गांव रेता नगला से, जिस मामले में शुक्रवार देर रात ताजपुर के प्रधान शक्तिमोहन सिंह को गिरफ्तार किया गया। करीब 15 दिन पहले रेता नगला के पूर्व प्रधान गजे सिंह के घर में एक दलित तथा गांव ताजपुर के प्रधान शक्ति मोहन सिंह गुर्जर को एक विवाद सुलटाने के लिए बुलाया गया।
दोनों पक्ष पूर्व प्रधान गजे सिंह के घर में पहुंच गए। जहां वॉट्सएप टिप्पणी करने से नाराज ताजपुर प्रधान शक्ति मोहन सिंह ने जयभगवानपुर के रहने वाले दलित दिनेश की जूते से पिटाई की। रेता नगला के पूर्व प्रधान गजे सिंह ने भी दिनेश को थप्पड़ मारे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों पर मुकदमा दर्ज आरोपित शक्ति मोहन सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
सौजन्य : Dainik bhaskar
नोट : यह समाचार मूलरूप से bhaskar.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









