दलित समाज के लोगों से मारपीट, 3 घायल; सुबह प्रशासन ने लगवाई नई प्रतिमा
सिकंदरा के गांव नैपलापुर में भंडारे में शराबियों ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया।विरोध करने पर शरारतीतत्वों ने दलित समाज के लोगों की पिटाई कर दी। इसमें 3 लोग घायल हो गए। लोगों के विरोध में बाद मौके पर अधिकारी पहुंच गए। घटना बुधवार रात की है। गुरुवार की सुबह प्रशासन ने नई प्रतिमा लगवा दी।
थाना मंगलपुर के गांव नैपलापुर में बुधवार की रात को भंडारे का आयोजन चल रहा था। उसी समय शराब के नशे में धुत अराजकतत्व गाली गलौज करने लगे। पत्थरबाजी कर डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। विरोध करने पर दलित समाज के लोगों के साथ मारपीट की।
दलित समाज में आक्रोश, पहुंचे अधिकारी
घटना के बाद दलित समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया। सभी आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना थाना मंगलपुर पुलिस को दी गई। पुलिस के समझाने पर लोग शांत नहीं हुए। वे तत्काल आरोपियों को पकड़ने की मांग कर रहे थे। एसडीएम सिकंदरा डॉ पूनम गौतम भी पहुंच गईं। उन्होंने आला अफसरों को घटना की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक सुनीति ने मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक घनश्याम चौरसिया को भेजा। आरोपियों को पकड़ने के लिए कई थानों की फोर्स लगा दी गई।
दूसरी प्रतिमा लगाने के आश्वासन पर माने
एसडीएम ने दलित समाज के लोगों को उसी जगह पर अंबेडकर की नई प्रतिमा लगाने का आश्वासन दिया। इसके अलावा आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही। इसके बाद लोग शांत हुए।
गुरुवार की सुबह लगी नई प्रतिमा, राष्ट्रगान भी हुआ
गुरुवार की सुबह अंबेडकर की नई प्रतिमा मंगा कर स्थापित की गई। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने राष्ट्र गान भी गाया। दलित समाज के लोगों ने एसडीएम सिकंदरा व पुलिस प्रशासन का आभार प्रकट किया। एसडीएम ने बताया कि रात में अराजकतत्वों ने प्रतिमा तोड़ दी थी। नई प्रतिमा लगवा दी गई है।
सीओ विजेंद्र द्विवेदी ने बताया कि मारपीट में 3 लोग घायल हुए थे। उन्हें अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें लगाई गईं हैं।
सौजन्य : Dainik bhaskar
नोट : यह समाचार मूलरूप से bhaskar.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









