दलित बस्ती पर पत्थराव और मारपीट, तीन घायल
सुलतानपुर/ दोस्तपुर: दोस्तपुर में दलित बस्ती में मंगलवार रात एक समुदाय के दबंगों ने मारपीट और पत्थरबाजी की घटना की। पुलिस के अनुसार दोनों तरफ से कई लोग घायल हुए है। सभी से तहरीर लेकर मेडिकल गया है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मौका मुआयना करने के साथ उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया है।
दोस्तपुर थाना क्षेत्र के वॉर्ड छह कजियान दलित बस्ती में मंगलवार रात सोनू पुत्र राम बुझावन ने अपने भाई दिनेश को घरेलू सामान लेने के लिए दुकान पर भेजा था। आरोप है कि उसके लौटते समय रास्ते में कसाई टोला व हरिजन बस्ती के बीच स्थित जव्वाद के मकान के पास सलमान पुत्र अनवर,गोलू पुत्र सलाउद्दीन, राजा और अरमान पुत्र इस्माईल और रियाज गोलबंद होकर आ गए। सभी ने मिलकर दिनेश की जमकर पिटाई किया। दिनेश ने मदद के लिए गुहार लगाई तो उसका भाई मौके पर पहुंचा। इसे भी आरोपियों ने पीटा। इस दौरान गांव वाले जमा हुए तो आरोपियों ने पत्थराव किया।
बुधवार सुबह पीड़ित की ओर से घटना को लेकर ग्रामीणों ने थाने का घेराव किया। मौके पर पहले अपर पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव पहुंचे, उन्होंने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि मुस्लिम पक्ष से सलमान आदि ने दलित पक्ष के दिनेश आदि को मारा गया है। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर पथराव किया है। उन्होंने बताया की आरोपी नई उम्र के हैं और वो दबंगई दिखा रहे हैं। चोटों का मेडिकल कराया गया है।
दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
घटना की जानकारी होने पर बुधवार को जिलाधिकारी रवीश गुप्ता और पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। पीड़ित सोनू की ओर से दी गई तहरीर पर पुलिस ने सात लोगो के विरुद्ध और सलमान की ओर से दी गई तहरीर पर पांच लोगों पर केस मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया की हालात पर पुलिस की कड़ी नजर है। उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल मौके पर शांति कायम है।
सौजन्य : Livehindustan
नोट : यह समाचार मूलरूप से livehindustan.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









