गोंडा में दलित समाज के लोगों ने किया प्रदर्शन:बोले-जबर्दस्ती घर तोड़ रहे प्रधान प्रतिनिधि, एसडीएम से की शिकायत
गोंडा में सोमवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रधान प्रतिनिधि पर विकास के नाम पर दलितों का आशियाना उजाड़ने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी से मिलकर इसकी शिकायत की।
मामला थाना क्षेत्र के लौव्वाबीरपुर गांव का है। यहां के दलित समाज के ग्रामीणों ने बताया कि तरबगंज मार्ग से दक्षिण टोला होते हुए पुराना कच्चा रास्ता है। प्रधान प्रतिनिधि जितेंद्र तिवारी उस रास्ते का निर्माण न करा एक नया रास्ता खोल रहे हैं।
ग्रामीण बोले-विरोध पर दी जा रही धमकी
नया रास्ता बनने पर गांव के 6 लोगों के अर्धनिर्मित घर रास्ते में आ रहे हैं। प्रधान प्रतिनिधि घरों को तुड़वाकर रास्ते का निर्माण करा रहे हैं। विरोध करने पर धमकी भी दे रहे हैं। इससे परेशान होकर उन्होंने प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की।
बीडीओ बोले-जांच कर होगी कार्रवाई
प्रदर्शन करने वालों में रामहेर, राकेश, तुलसीराम, विक्रम और संजय आदि ग्रामीण मौजूद रहे। खंड विकास अधिकारी डॉ. राघवेंद्र ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कराई जा रही है। आरोप सही निकलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सौजन्य : Dainik bhaskar
नोट : यह समाचार मूलरूप से bhaskar.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









