100 रुपये की उधारी मांगी तो मिली दर्दनाक मौत, परिजनों ने इंसाफ के लिए शव रखकर लगाया जाम
इटावा. उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र के कुड़रिया गांव में उधारी के 100 रुपये के लेने पर एक दलित युवक की पीट पीट कर हत्या कर दी गई. इस घटना के विरोध में परिजनों ने कानपुर हाईवे पर शव रख कर जाम लगा दिया. परिजनों ने शव को तब हटाया जब हत्यारों के खिलाफ मुदकमा दर्ज कर लिया गया.
इटावा के एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने बताया कि पिटाई से हुई मौत को लेकर परिजनों के शिकायत पर नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है. ग्राम कुड़रिया वासी सत्यवीर पुत्र गोविंद ने बताया कि गांव के ही सत्यवीर कठेरिया ने उसके भाई राजकुमार से खाना परोसने वाली पत्तल ली थी. जिसके पैसा उसने जब सत्यवीर कठेरिया से मांगे तो वह नाराज हो गया. आरोप है कि 17 मार्च को 4 बजे दोपहर को उसका भाई राजकुमार खेतों पर जा रहा था तो सत्यवीर कठेरिया और उसके भाई कल्लू, गौरव के अलावा संजू पुत्र मोहनलाल ने सुमन देवी पत्नी संजू, अंकित कुमार पुत्र माधौ निवासी कुड़रिया ने उसे घेर लिया और लाठी डंडा से हमला बोल दिया. उसे बचाने पहुंचे भाई सत्यवीर और पिता गोविंद, मां रज्जो को भी आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया.
मृतक के भाई सत्यवीर दोहरे का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद वापस घर लौटते समय आरोपियों ने राजकुमार को घेर लिया. उसके साथ गंभीर रुप से मारपीट करने लगे और जब वह मरणासन्न हो गया तो आरोपियों ने उसे हाईवे के किनारे फेक दिया. एंबुलेंस को झूठा फोन कर दिया कि कोई दुर्घटना मे घायल पड़ा है. जिस पर एंबुलेंस उसे जिला चिकित्सालय ले गई. जहां कि डाक्टरों ने राजकुमार की गंभीर हालत देखकर सैफई रेफर कर दिया. जहां कि उपचार के दौरान चौथे दिन सोमवार को सुबह उसकी मृत्यु हो गई.
पोस्टमार्टम के बाद मृतक के स्वजन और तमाम ग्रामीण उत्तेजित हो गये. आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने और उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर मृतक का शव रखकर जाम लगा दिया.
सौजन्य : News18
नोट : यह समाचार मूलरूप से hindi.news18.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









