दलित छात्र को शिक्षक ने पीटा, भर्ती
बेतिया : चनपटिया के लालगढ़ बुनियादी विद्यालय में बच्चोंके हल्ला करने पर खफा शिक्षक ने पांचवीं कक्षा के छात्र आदित्य कुमार (10) को बेत से मारकर गंभीर रुप से जख्मी कर दिया। घटना शुक्रवार की दोपहर की है। जख्मी छात्र को जीएमसीएच में भर्ती कराया गया। अस्पताल अधीक्षक डॉ. प्रमोद तिवारी ने बताया कि घायल छात्र की स्थिति खतरे से बाहर है। उसकी चिकित्सा की जा रही है।
आदित्य की मां रंभा देवी ने बताया कि उनका बेटा राजकीय बुनियादी विद्यालय लालगढ़ में पांचवीं कक्षा का छात्र है। शुक्रवार को वह पढ़ने गया था। वहां तैनात शिक्षक राजेश सिंह मोबाइल पर कुछ देख रहे थे। इसी बीच बच्चों ने हल्ला शुरू कर दिया। जिसे खफा होकर राजेश सिंह ने आदित्य को पकड़ लिया। उसे बेत से मारकर अधमरा कर दिया। शरीर के पिछले हिस्से में पैर से लेकर पीठ तक छड़ी के निशान उभर गए।
बच्चा अधमरा होकर गिर गया। जानकारी मिलने पर परिजन स्कूल पहुंचे और बच्चे को अस्पताल पहुंचाया। मुफस्सिल थानाध्यक्ष उग्रनाथ झा ने बताया कि उन्हें परिजनों ने कोई आवेदन नहीं दिया है। जीएमसीएच में तैनात पुलिस पदाधिकारी घायल बच्चे या उसके परिजन का बयान दर्ज कर भेजेंगे।
सौजन्य : live hindustan
नोट : यह समाचार मूलरूप से livehindustan.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









