छुआछूत में मारपीट का आरोप:अस्पताल में भर्ती पीड़ित बोले – पानी पीने पर बच्चों को पीटा, पूछने गई मां को भी मारा
दमोह के तेंदूखेड़ा ब्लॉक में आने वाले बमोरी पांजी गांव में शनिवार शाम छुआछूत का मामला सामने आया है। जिसमें दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद दलित परिवार के 5 लोग घायल हो गए। सभी जिला अस्पताल में इलाजरत हैं।
घायल मनोहर अहिरवाल ने बताया कि उसके बच्चे पास में ही धर्मेंद्र लोधी की दुकान में सामान खरीदने के लिए गए थे। वहां उनके बच्चों ने दुकान में रखे कुप्पे का पानी पी लिया जिससे दुकानदार नाराज हो गया और उसने बच्चों को मारपीट कर वहां से भगा दिया। दोनों बच्चे रोते हुए घर पहुंचे, तो उसकी मां ने बच्चों से रोने का कारण पूछा। बेटों ने बताया कि दुकानदार ने उसके साथ मारपीट की है।
घायल मनोहर की मां ने बताया कि जब वह अपने नाती को लेकर दुकानदार के पास पहुंची और मारने का कारण पूछा, तो उसने जाति सूचक का अपमान करते हुए गालियां देना शुरू कर दिया और उसे भी वहां से मारते हुए घर तक ले गया। महिला ने बताया कि घर पर उसके पति बहू और बच्चे भी थे। दुकानदार के साथ पहुचे लोगों ने उन सभी के साथ मारपीट की जिसमें वह घायल हो गए।
दलित परिवार के अनुसार उनके साथ मारपीट करने वालों में नर्मद लोधी, कोमल लोधी, राजेंद्र लोधी धरमू लोधी, देवी लोधी शामिल है। फिलहाल घायलों का इलाज चल रहा है। अस्पताल पुलिस चौकी में सूचना दी गई है। इसके बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे।
सौजन्य : Dainik bhaskar
नोट : यह समाचार मूलरूप से bhaskar.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









