घोड़ी पर निकली दलित युवती की बिंदोरी, लोगों ने कही ये बात
समाज में बेटियों का महत्व बताने एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं का संदेश देने के लिए सरकार द्वारा विभिन्न प्रयास किये जा रहे हैं. समाज को बेटियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है. ऐसा ही नजारा देखने को मिला भरतपुर जिले के वैर विधानसभा अन्तर्गत आने वाले भुसावर उपखण्ड के गांव मंशापुरा में, जहां सामाजिक सौहार्द के बीच एक दलित युवती की घोड़ी पर बैठाकर बिंदोरी निकाली गई. जिसे देख सभी ने सराहना की और बेटियों को समाज में उचित सम्मान देने की अपील की.
ग्रामीणों ने बताया कि गांव मंशापुरा निवासी हरि पनवाल की पुत्री गरिमा पनवाल की 4 मार्च को कुम्हेर थाना के गांव सिकरोरा निवासी युवक से होनी है. जिसके चल रहे कार्यक्रमों के बीच समाज को बेटियों का महत्व बताने के उद्देश्य और बेटियों को बेटों के बराबर समझाने के लिए बेटी गरिमा की घोड़ी पर बैंड-बाजों के साथ बिंदोरी निकाली गई. इस दौरान युवती के परिजन बैंड-बाजे की धुन पर थिरकते हुए युवती की हौसला अफजाई करते नजर आए तो दूसरी ओर युवती ने समाज की रुढ़िवादी परम्परा को दूर कर बालिकाओं का हौसला बढ़ाते हुए अधिक से अधिक शिक्षित होकर समाजोत्थान में भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया. ग्रामीणों ने बताया कि बीएससी शिक्षित गरिमा की 4 मार्च को कुम्हेर थाना क्षेत्र के गांव सिकरोरा निवासी युवक से होनी है. इसी के चलते दुल्हन की घोड़ी पर सवार कर बिंदोरी निकाली गई.
सौजन्य : Zee news
नोट : यह समाचार मूलरूप से zeenews.india.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









