पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर दलित परिवार को पीटा
मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगरिया अंगौथा में बुधवार शाम विवाद के बाद दबंगों ने दलित परिवार के घर घुसकर जमकर मारपीट की। इस दौरान दबंगों ने गृहस्वामी के सिर में कुल्हाड़ी मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बचाने आए पीड़ित के पिता, पत्नी व एक अन्य के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराकर आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगरिया अंगौथा निवासी सुनील कुमार जाटव पुत्र राजाराम ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि पड़ोस के रहने वाले दबंग राधाकृष्ण यादव, अमीर सिंह, अजय, बलराम अपने तीन अन्य साथियों के साथ पुरानी रंजिश को लेकर बुधवार की शाम उसके घर में घुस आए। इस दौरान दबंगों ने जाति सूचक गाली गलौज करते हुए उसे लाठी डंडों से पीटना शुरू कर दिया। पीड़ित ने बताया कि उसके सिर में कुल्हाड़ी मारकर घायल कर दिया। मारपीट में पिता राजाराम, उसकी पत्नी प्रीति व भाई की पत्नी नीतू भी घायल हो गए। शोर सुनकर ग्रामीणों को आता देख आरोपी धमकी देकर भागने लगे। मौका पाकर नीतू ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराकर घटना की रिपोर्ट धारा 308, 323, 504 एव एससीएसटी में दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
सौजन्य : Live hindustan
नोट : यह समाचार मूलरूप से livehindustan.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









