जेल के दो प्रहरियों ने आदिवासी महिला से किया दुष्कर्म, पति से मिलने पहुंची थी पीड़िता
अलीराजपुर: अलीराजपुर में जेल प्रहरियों द्वारा एक महिला से रेप करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पैरोल पर छूटी देवास जिले के बागली निवासी आदिवासी महिला कैदी ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है. महिला अपने पति के साथ ही आलीराजपुर जेल में सजा काट रही है. पैरोल पर छूटने के बाद जब वह पति से मिलने आई तो दोनों जेल प्रहरियों बहला-फुसलाकर उसके साथ ज्यादती की. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जोबट उप जेल भेज दिया है.
दरअसल पीड़ित महिला और उसके पति फर्जी शादी के आरोप में जिला जेल बड़वानी में बंद थे. लेकिन कोरोना काल में महिला को पैरोल पर छोड़ दिया गया था, और उसके पति को अलीराजपुर जेल में भेज दिया था. इसी बीच वह जुलाई-अगस्त 2021 में अलीराजपुर जेल में कैद अपने पति से मिलने आई थी.
अपने सरकारी आवास में बुला रेप किया
जब महिला अपनी कैदी पति से जेल में मिलने आई तो इस दौरान जेल में पदस्थ जेल प्रहरी अनिल त्रिवेदी ने महिला को किसी बहाने से जेल परिसर में बने सरकारी आवास में बुलाया और वहां उसके साथ जबरदस्ती की, इस दौरान अनिल का साथी जेल प्रहरी वीरेंद्र यादव भी वहां मौजूद था. दोनों जेल प्रहरियों ने बारी-बारी से महिला के साथ दुष्कर्म किया. दोनों आरोपियों ने इस घटना के बारे में किसी को बताने से मना करते हुए महिला को जान से मारने और जिंदगीभर जेल में सड़ा देने की धमकी भी दी. जिसके बाद महिला डर गई और किसी को भी इस घटना के बारे में जानकारी नहीं दी.
दोनों को किया गिरफ्तार, जेल भेजा
घटना के 3 महीने बाद जब महिला की पैरोल ख़त्म हुई और उसे उसके पति के साथ जेल में दाखिल किया गया तब उसने इस घटना की जानकारी परिजनों को दी. जिसके बाद महिला के परिजनों ने मामले की शिकायत अलीराजपुर अजाक्स थाने में की. महिला के परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों जेल प्रहरियों के खिलाफ बलात्कार एवं एसटी-एससी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर आरोपियो को गिरफ्तार कर लिया है.
सौजन्य : Zee news
नोट : यह समाचार मूलरूप से zeenews.india.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !








