13 साल की दलित लड़की को अपहृत कर दुष्कर्म, गांव में दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज
हमीरपुरः हमीरपुर जिले के कुरारा थाना क्षेत्र के एक गांव में दो युवकों के खिलाफ 13 साल की एक दलित लड़की को अपहृत कर उससे बलात्कार करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। मंगलवार की सुबह एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
हमीरपुर जिले के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अनूप कुमार ने बताया कि कुरारा थाना क्षेत्र के एक गांव में 13 साल की एक दलित लड़की गत शुक्रवार की शाम अपने मकान के बाहर बने शौचालय में गयी थी, तभी गांव के ही दो युवकों पुच्ची कोरी (22) और अखिलेश अहिरवार (21) ने तमंचा दिखाकर उसे अगवा कर लिया। कुमार के अनुसार, आरोपी लड़की को सुनसान जगह ले गये और नशीली दवाएं खिलाकर उससे कथित तौर पर बलात्कार किया।
एएसपी ने बताया कि शनिवार को सुबह लड़की किसी तरह अपने घर पहुंची और परिवार को आप-बीती बताई। कुमार ने बताया कि वारदात की प्राथमिकी पीड़िता के पिता ने रविवार की शाम दर्ज करवाई। पुलिस ने आज सुबह एक आरोपी पुच्ची कोरी को गिरफ्तार कर लिया है और दूसरे आरोपी अखिलेश की तलाश की जा रही है।
सौजन्य : lokmat news
नोट : यह समाचार मूलरूप से lokmatnews.in में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









