फार्म हाउस पर मजदूरी न करने पर दलित दंपति को पीटा
फार्म हाउस पर मजदूरी न करने से नाराज फार्मर ने कुछ लोगों की मदद से दरवाजे पर पहुंचकर ग्रामीण को जातिसूचक गालियां दी। विरोध करने उसकी जमकर पिटाई लगा दी। बीच बचाव में आई पत्नी सहित अन्य परिजनों को जमकर पीटा। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कलीनगर तहसील क्षेत्र के गांव मथना जप्ती निवासी दलित सनीपाल मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन करता है। युवक अपने घर पर था। तभी रात 8 बजे पड़ोस का ही फार्मर बलराज गांव के ही तेजेंद्र पाल, पिंदर सिंह, जिंदू सिंह और बलवीर सिंह के साथ सनीपाल के दरवाजे पर पहुंच गया। आरोप है फार्म हाउस पर काम न करने की बात कहकर जातिसूचक गालियां देने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने साथियों की मदद से युवक की पिटाई लगा दी। बीच बचाव में आई पत्नी कविता देवी, भाभी अनीता देवी, भाई छोटेलाल और माता गीता देवी को भी जमकर पीटा। घटना को लेकर शोर-शराबा होने पर पड़ोस के कई लोग पहुंच गए। इसपर आरोपी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। युवक की ओर से पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी गौरव बिश्नोई ने बताया इस मामले में पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।
सौजन्य : Hindustan
नोट : यह समाचार मूलरूप से livehindustan.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









