लोन का लालच देकर 15 लोगों का कराया धर्म परिवर्तन, चार साल बाद खुलासा, हिरासत में चार आरोपी
बागपत न्यूज़ : उत्तर प्रदेश के बागपत से चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां 15 से ज्यादा दलितों के धर्म बदलने की खबरें आई हैं. पुलिस ने चार लोगों पर मामला दर्ज करके उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. बड़ी बात यह है कि चार साल बाद लोगों के धर्म परिवर्तन का खुलासा हुआ. जब सभी के लेबर कार्ड पर मुस्लिम नाम आए तो मामले का खुलासा हुआ. इसे देखते हुए हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने विरोध-प्रदर्शन किया और पुलिस-प्रशासन से कार्रवाई की मांग की.
सारा मामला बागपत के खेकड़ा थाना के अहमदनगर नंगलाबड़ी गांव का है. हिंदू जागरण मंच के सदस्यों के मुताबिक गांव में दलित समुदाय के लोग रहते हैं. उन्हें लोन देने का झांसा दिया गया. उन्हें कहा गया कि सरकार की तरफ से लोन मिलेगा और उसे चुकाना भी नहीं है. सभी झांसे में आ गए. उनके घरों पर आरोपियों ने आधार कार्ड बनाने की मशीन भेजकर डिटेल्स लिए. उनसे शपथ पत्र भी लिया गया.
सभी लोगों के लेबर कार्ड बनकर आए तो उसमें नाम मुस्लिम के थे. इसका खुलासा होने के बाद हंगामा मचा. हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी और कार्यकर्ता अहमदनगर नंगलाबड़ी गांव में पहुंचे. मंच के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पीड़ितों से बात की. उन्होंने पुलिस से मामले की जांच करके कार्रवाई की मांग की. उन्होंने धर्मांन्तरण और धोखाधड़ी के मामले पर कार्रवाई करने की मांग की है.
पीड़ित मनोज ने रविवार को खेकड़ा कोतवाली में नंगलाबड़ी गांव के कई आरोपियों पर मामला दर्ज कराया है. इसमें अहमदनगर नंगलाबड़ी गांव के ही अलीशेर, अफजाल, आरिफ, वकील, अमन, राजा, आसमां को नामजद आरोपी बनाया गया है. सभी पर धर्मांन्तरण और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया गया है. इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया है. उनसे पूछताछ की जा रही है.
सौजन्य : Prabhat khabar
नोट : यह समाचार मूलरूप से prabhatkhabar.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









