मिट्टी कटाई के खिलाफ पोचरी में आदिवासी सड़क पर उतरे
बरोरा: पोचरी में देवस्थल की खोदाई कर मिट्टी निकालने के खिलाफ गुरुवार को आदिवासी समाज के लोग आंदोलन पर उतर आए। पारंपरिक हथियार से लैस व झाड़ु लिए आदिवासियों ने मिट्टंी कटाई का विरोध किया। पोचरी खोनाठी मुख्य सड़क पर धरना पर बैठ गए। यातायात अवरुद्ध हो गया।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे जेएमएम के बाघमारा प्रखंड उपाध्यक्ष रामजीत टुडू ने कहा कि मिट्टी का अवैध कारोबारी धन कमाने के लिए आदिवासियों के देव स्थल की जमीन को खोद रहे। इसे आदिवासी समुदाय कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा जब तक हमलोगों न्याय नहीं मिलेगा तब तक हमलोग धरना पर बैठे रहेंगे। एक तरफ झारखंड सरकार आदिवासियों के देव स्थल का सुंदरीकरण के लिए खर्च कर रही है, वहीं दूसरी ओर मिट्टी माफिया अवैध खोदाई कर आदिवासियों की धार्मिक भावनाओं को ठोस पहुंचाने का काम कर रहे हैं।
बरोरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और धरना प्रदर्शन कर रहे आदिवासियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे लोग मानने को तैयार नहीं हुऐ। सीओ केके सिंह ने मोबाइल पर जमीन की मापी कराने का आश्वासन दिया। सीओ के आश्वासन के बाद आदिवासियों ने आंदोलन समाप्त किया।
सौजन्य : Dainik Jagran
नोट : यह समाचार मूलरूप से jagran.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है|









