अंबिकापुर में मुस्कान के बाद अब कोरबा में मालती किन्नर लड़ेंगीं निर्दलीय चुनाव, शबनम मौसी होंगी स्टार प्रचारक
कोरबा : रायगढ़ में मधु किन्नर के महापौर बनने और अंबिकापुर सीट से मुस्कान के चुनाव लड़ने का ऐलान करने के बाद अब कोरबा से मालती किन्नर ने चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। मालती ने सोमवार को निर्वाचन अधिकारी के पास जाकर कोरबा विधानसभा के लिए नामांकन फॉर्म खरीदा।
मालती ने बताया कि वे लोग पहले कांग्रेस को समर्थन देते थे, लेकिन उन्होंने कभी किन्नर समुदाय को नेतृत्व नहीं दिया। लिहाजा इस बार वे खुद निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतर रही हैं। ये समुदाय जनसहयोग से चुनाव लड़ेगा। इनका कहना है कि वे कोरबा के हर समस्या से वाकिफ हैं। वर्ष 2014 में मालती ने नगर निगम के चुनाव में वार्ड पार्षद का चुनाव लड़ी थीं। हालांकि उस चुनाव में ये हार गई थीं।
शबनम मौसी होंगी स्टार प्रचारक
मालती किन्नर ने बताया कि मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से किन्नर समुदाय के कई लोग प्रचार में शामिल होंगे। पहली किन्नर विधायक शबनम मौसी का भी आशीर्वाद उन्हें मिल रहा है। वे इनकी स्टार प्रचारक होंगी।
मुस्कान को मिली धमकी
अंबिकापुर में टीएस सिंहदेव और अनुराग सिंह देव को टक्कर देने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुकीं मुस्कान किन्नर को धमकी मिली है। मुस्कान ने बताया कि शनिवार की रात 5-6 युवक घर में आए और बल्ब निकाल दिया। अंधेरे में वे देख नहीं पाई। वे बोल रहे थे कि पैसे लेकर इस मामले को रफा-दफा करो।
साभार : दैनिक भास्कर









