हिसार में आज जीवन कुंडू का अंतिम संस्कार: 11 साल का बेटा देगा मुखाग्नि, 10 किसानों की रिहाई के बाद बनी सहमति
भोंडसी जेल से 10 किसान नेताओं की रिहाई और सरकार द्वारा मांगें मानने के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार पर सहमति जताई और धरना समाप्त किया। ख्यमंत्री स्तर पर परिवार को आर्थिक सहायता, एक सदस्य को सरकारी नौकरी और सुरक्षा का भरोसा दिया गया है।
हिसार में आज जीवन कुंडू का अंतिम संस्कार: जीवन कुंडू हत्याकांड के 15 दिन बाद आज उसके पैतृक गांव किनाला में अंतिम संस्कार किया जाएगा। जीवन के 11 वर्षीय बेटे द्वारा मुखाग्नि देने की बात सामने आई है। अंतिम संस्कार में खाप पंचायतों, पंचग्रामी पंचायतों, किसान नेताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों के पहुंचने की संभावना है।जीवन कुंडू हत्याकांड को लेकर पिछले दिनों हिसार के लघु सचिवालय पर महापंचायत और धरना दिया गया था। सरकार की ओर से संघर्ष समिति की मांगें मानने और गुरुग्राम की भोंडसी जेल में बंद 10 किसान नेताओं की रिहाई के बाद आंदोलन समाप्त कर दिया गया। इसके बाद परिवार ने अंतिम संस्कार के लिए सहमति जताई।
परिवार की मांगों पर सरकार ने दिया आश्वासन
सरकार ने जीवन कुंडू के परिवार को आर्थिक सहायता देने, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने और हत्याकांड के मुख्य आरोपी रमेश की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। मामले में बीजेपी के पूर्व प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया ने मध्यस्थता की। संघर्ष समिति के सदस्य उनके साथ चंडीगढ़ पहुंचे थे, जहां मुख्यमंत्री के स्तर पर परिवार की हरसंभव मदद का भरोसा दिया गया।
सरकार के आश्वासन और किसान नेताओं की रिहाई के बाद लघु सचिवालय पर चल रहा धरना समाप्त कर दिया गया।
9 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी पर 50 हजार का इनाम
हिसार पुलिस अब तक मामले में भानु कुमार, गजेंद्र उर्फ गज्जू पंडित और साहिल समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं मुख्य आरोपी रमेश अभी फरार है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।
एसपी सिद्धांत जैन के अनुसार मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 10 टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। उसके विदेश भागने की आशंका को देखते हुए लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया गया है। पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है और पुनर्वास के लिए रोजगार संबंधी आवेदन भी कराया गया है।
4 अगस्त को जीवन कुंडू पर हुआ था जानलेवा हमला
जीवन कुंडू पर 4 अगस्त की सुबह करीब साढ़े 5 बजे हिसार के सूर्यनगर इलाके में हमला किया गया था। वह बाइक के पीछे ट्रॉली लगाकर गोबर डालने जा रहा था। आरोप है कि पड़ोस के करीब 10-12 युवकों ने उसे रास्ते में घेर लिया और लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा।
हमले में गंभीर रूप से घायल जीवन को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से ही परिवार और ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे।
मौत से पहले 1 मिनट 12 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया था सामने
जीवन का मौत से पहले का करीब 1 मिनट 12 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया था। इसमें उसके पैरों पर गंभीर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। वीडियो में जीवन ने हमले में पड़ोसी रमेश और उसके साथ आए कई युवकों का जिक्र किया था। उसने आरोप लगाया था कि हमलावरों ने उसे बुरी तरह पीटा और उसकी टांग तोड़ दी।
गोबर डालने को लेकर पड़ोसी से शुरू हुआ था विवाद
जीवन की सूर्यनगर की गली नंबर-5 में डेयरी थी। बताया गया है कि करीब डेढ़ महीने पहले गोबर डालने को लेकर उसका पड़ोसी रमेश से विवाद हुआ था। जीवन रोजाना गोबर लेकर रेलवे लाइन के पास डालने जाता था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी।
इसके कुछ दिन बाद जीवन अपनी डेयरी में खोर (हौद) बनवा रहा था। उस दौरान भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि मारपीट के दौरान रमेश पक्ष के लोगों ने जीवन की पत्नी अमन पर बरछी से हमला किया था। इस मामले में पुलिस ने रमेश के खिलाफ केस दर्ज किया था।
अब सरकार की ओर से मांगें मानने और किसान नेताओं की रिहाई के बाद आज जीवन कुंडू का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव किनाला में किया जाएगा।
सौजन्य :जस्टिस न्यूज़
माध्यम :समाचार पत्र









