कर्नाटक: दलितों को मंदिर में जाने से रोका, पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में कराया गया प्रवेश
मंदिर में घुस रहे दलितों पर हमले का आरोप. 42 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी गयी. अधिकारियों की अगुवाई में मंदिर में एंट्री.
दावनगेरे (कर्नाटक): कर्नाटक दावनगेरे में दलितों को कथित रूप से मंदिर में प्रवेश करने से रोके जाने का एक आरोप सामने आया है. यह घटना शुक्रवार रात जिले के चन्नागिरी तालुक की बतायी जा रही है. तीन दलितों ने बसवापटना पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है. आरोप लगाया कि मंदिर में घुसते समय 20 लोगों के एक समूह ने उन पर हमला किया|
मामला सामने आते ही तहसीलदार नागराज, एसी डॉ. चन्नप्पा, एसपी एच टी शेखर और पुलिस बल ने मलालाकेरे गांव का दौरा किया. उन्होंने वहां का मुआयना किया और दलितों को मंदिर के अंदर ले गए. इसके बाद, उन्होंने गांव के दोनों समुदायों के नेताओं के साथ एक बैठक की और उन्हें मिल-जुलकर रहने के निर्देश दिए|
पुलिस के अनुसार पीड़ितों ने उन्हें बताया कि शुक्रवार को ‘अज्जी हब्बा’ त्योहार मनाया जा रहा था. त्योहार से लौटते समय मंदिर जा रहे थे, तब 20 लोगों ने उन पर हमला कर दिया. मंदिर में नहीं जाने दिया. दूसरी तरफ, दूसरे समुदाय के एक नेता ने इन आरोपों को गलत बताया है. उन्होंने कहा, “वे लोग शराब पीकर मंदिर में घुसने की कोशिश कर रहे थे, इसलिए उन्हें रोका गया था.”
बसवापटना पुलिस स्टेशन के पीएसआई इम्तियाज ने कहा, “बीती रात दो पक्षों के बीच मामूली झड़प हुई थी. दलितों ने आरोप लगाया कि उन्हें मंदिर में जाने नहीं दिया गया. वहीं, दूसरे पक्ष के लोगों का कहना है कि वे शराब पीकर आए थे. दोनों पक्षों के सदस्यों और अधिकारियों की मौजूदगी में एक शांति बैठक की गयी.” बसवापटना पुलिस स्टेशन में कुल 42 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गयी है.
चन्नागिरी के सहायक आयुक्त (AC) चन्नप्पा ने कहा, “बसवापटना पुलिस स्टेशन में एससी-एसटी अत्याचार का मामला दर्ज कर लिया गया है. हम दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे.” उन्होंने आगे कहा, जिन युवकों पर हमला हुआ था, उनका इलाज चिगतेरी जिला अस्पताल में चल रहा है|
चन्नप्पा ने बताया, “पुलिस मामले की जांच कर रही है. सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी. किसी को भी कानून अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए. हमने दलितों को मंदिर में प्रवेश कराकर और पूजा-अर्चना करवाकर इस विवाद को खत्म कर दिया है.”
सौजन्य :जस्टिस न्यूज़
माध्यम :समाचार पत्र








