असंद्रा में दलित महिला से छेड़छाड़ व मारपीट का मामला:कोर्ट के आदेश पर FIR, सरकारी नल पर पानी भरने को लेकर पड़ोसी पर आरोप
बाराबंकी जिले के असन्द्रा थाना क्षेत्र में एक दलित महिला से छेड़छाड़, मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। जिससे पीड़िता ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया। उसके आदेश पर शुक्रवार की रात को पुलिस ने मारपीट व हरिजन एक्ट में केस दर्ज कर लिया है।
असंद्रा कोतवाली क्षेत्र की पीड़िता ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 30 मई की शाम को वह अपने घर के सामने लगे सरकारी नल पर पानी भरने और कपड़े धोने गई थीं। उसी दौरान पड़ोसी नरेंद्र वर्मा वहां आ गए और उनके साथ अश्लील बातें करने लगे। उसने इसका विरोध किया।
पीड़िता के अनुसार नरेंद्र वर्मा भड़क गए। उन्होंने महिला को जातिसूचक गालियां दीं और धक्का देकर गिरा दिया। जब महिला अपनी जान बचाने के लिए घर में घुसीं, तो आरोपी नरेंद्र वर्मा भी उनके पीछे घर में घुस आया। उसने महिला के कपड़े फाड़ दिए और लात-घूसों व डंडों से पिटाई की।
महिला की चीख-पुकार सुनकर उनकी देवरानी और अन्य पड़ोसी मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों को आता देख आरोपी नरेंद्र वर्मा पीड़िता और उसके परिवार वालों को जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़िता ने 112 पर पुलिस को सूचना दी और थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की शिकायत की। हालांकि, पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने आरोपी के प्रभाव में आकर उचित कार्रवाई नहीं की।
पीड़िता ने न्याय के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर शुक्रवार रात असंद्रा कोतवाल अनिल सिंह ने आरोपी नरेंद्र वर्मा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 333, 76, 115, 352, 351 और अनुसूचित जाति/जनजाति अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। मामले की जांच सीओ रामसनेहीघाट सौरभ श्रीवास्तव कर रहे हैं।
सौजन्य :दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप सेhttps://www.bhaskar.com/local/uttar-pradesh/bara पर किया गया है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









