बीएसपी का नया दांव, दलित से हटकर ओबीसी नेता को कमान, क्या 2027 में पूर्वांचल में दौड़ेगा हाथी
बहुजन समाज पार्टी ने सबको चौंकाते हुए ओबीसी नेता को गाजीपुर जिले की कमान सौंपी है। इसका असर यूपी विधानसभा चुनाव 2027 में पूर्वांचल में देखने को मिल सकता है। इस बार बीएसपी पूरी ताकत के साथ जुटी है।
अमितेश कुमार सिंह, गाजीपुर: बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने 2027 में होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव को देखते हुए गाजीपुर में नया जिला अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है। रमेश सिंह कुशवाहा गाजीपुर के बीएसपी अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद पहली बार शनिवार को पार्टी कार्यालय पहुंचे। यहां उनका भव्य स्वागत किया गया। करीब 20 वर्षों बाद बीएसपी ने पूर्णकालिक ओबीसी जिला अध्यक्ष देकर सियासी तौर पर नया दांव चल दिया है। बीएसपी अपने पारंपरिक दलित वोटरों के साथ ही ओबीसी वोट बैंक में भी व्यापक सेंध लगाने की रणनीति पर काम करती दिख रही है।
2007 में हरिनाथ राजभर को बनाया था जिला अध्यक्ष
एनबीटी ऑनलाइन से बीएसपी वाराणसी मंडल प्रभारी प्रमोद कुमार प्रभाकर ने बताया कि इससे पहले 2007 में पार्टी ने हरिनाथ राजभर को जिला अध्यक्ष बनाया था। तब यूपी में बीएसपी का शासन था और पार्टी सुप्रीमो मायावती मुख्यमंत्री थीं। इसके बाद 2023 में बुझारत राजभर को जिला अध्यक्ष बनाया गया, लेकिन उनका कार्यकाल महज 2 महीने तक सीमित रहा। ऐसे में अगर देखा जाए तो करीब 20 वर्षों बाद पार्टी ने फिर एक बार अपनी राजनीतिक रणनीतियों में मूलभूत तब्दीली करते हुए ओबीसी चेहरे पर दांव लगाया है।
प्रभाकर ने बताया कि बीएसपी एक सियासी पार्टी है। सभी दलों की तरह बीएसपी को भी पूरा अधिकार है कि वह राजनीतिक समीकरणों को केंद्र में रखकर कोई निर्णय ले। 2027 में यूपी के विधानसभा चुनाव होने हैं। उसको केंद्र में रखकर पार्टी आलाकमान ने जिला अध्यक्ष बनाने का निर्णय लिया है। रमेश सिंह कुशवाहा पार्टी से लंबे समय से जुड़े हुए हैं। वह एक मुखर वक्त हैं। बीएसपी की ओर से उन्हें जिला अध्यक्ष बनाए जाने से बैकवर्ड वोट सीधे तौर पर बीएसपी से जुड़ेगा।
रमेश के नेतृत्व में पार्टी शानदार प्रदर्शन करेगी- उमेश
पूर्व लोकसभा प्रत्याशी और बीएसपी नेता डॉ. उमेश कुमार सिंह ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी सभी वर्गों को ध्यान में रखकर काम कती है। रमेश सिंह कुशवाहा बसपा के पुराने और मजबूत कैडर हैं। उनके नेतृत्व में पार्टी आगामी चुनावों में शानदार प्रदर्शन करेगी।
सौजन्य :नवभारत टाइम्स
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://navbharattimes.indiatimes.com/ पर प्रकाशित किया गया है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









