मान ने राहुल गांधी की तुलना नवजोत सिद्धू से की: ‘दोनों काम करने से पहले PM, CM पद चाहते हैं’
चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और क्रिकेटर से नेता बने नवजोत सिंह सिद्धू के बीच तुलना करते हुए कहा कि दोनों में एक बात कॉमन है कि वे काम करने से पहले टॉप पोस्ट – क्रमशः प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री – चाहते हैं।
जस्टिस न्यूज
मान ने कहा कि दोनों नेता एक जैसे हैं क्योंकि “राहुल गांधी और नवजोत सिद्धू दोनों की समस्या एक ही है। दोनों जनता की भलाई के लिए कुछ करने से पहले PM और CM बनना चाहते हैं। लेकिन देश की जनता चाहती है कि दोनों नेता पहले काम करें।”
पूर्व विधायक और सिद्धू की पत्नी, नवजोत कौर सिद्धू ने हाल ही में कांग्रेस पर आरोप लगाया था कि कांग्रेस का मुख्यमंत्री बनने के लिए 500 करोड़ रुपये की ज़रूरत होती है, और सिद्धू तभी राजनीति में लौटेंगे जब उन्हें CM उम्मीदवार घोषित किया जाएगा। सिद्धू पर तंज कसते हुए मान ने कहा, “मैं भी एक टेलीविज़न कलाकार था और अच्छी कमाई करता था। क्या मैंने अपना पेशा छोड़कर पंजाब के लोगों पर कोई एहसान किया है? लेकिन एक बार जब मैं राजनीति में आया, तो मैंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।”
उन्होंने आगे कहा, “सिद्धू के पास शहरी विकास विभाग था, वह शहर की हालत सुधारने के लिए बहुत कुछ कर सकते थे – बेहतर सड़कें, स्ट्रीट लाइट, सीवरेज और पार्क। फिर उन्हें बिजली विभाग भी दिया गया, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया। वह लोगों के लिए 600 यूनिट मुफ्त बिजली का प्रस्ताव ला सकते थे। अगर तत्कालीन CM कैप्टन अमरिंदर सिंह आपत्ति करते, तो सिद्धू इसे सार्वजनिक कर सकते थे। उन्हें हीरो माना जाता। यह उनके लिए फायदे का सौदा होता। कैप्टन अमरिंदर ने कहा था कि सिद्धू छह महीने तक अपने विभाग की फाइलों पर साइन नहीं करेंगे। मैंने अब तक अपने 3.5 साल के कार्यकाल में CM के तौर पर 12,500 फाइलों पर साइन किए हैं। मैं हर दिन सुबह 7.30 बजे फाइलों को देखना शुरू कर देता हूं।”
सिद्धू और उनकी पूर्व विधायक पत्नी नवजोत कौर सिद्धू के किसी भी भ्रष्टाचार के आरोप से मुक्त होने के दावे के बारे में एक सवाल के जवाब में, मान ने कहा कि हालांकि वह ईमानदारी का सर्टिफिकेट देने वाले नहीं हैं, लेकिन उनके पास फिलहाल सिद्धू दंपति के खिलाफ किसी भी भ्रष्टाचार का कोई दस्तावेजी सबूत नहीं है। एक और सवाल के जवाब में, मान ने कहा कि पंजाब पुलिस अनमोल बिश्नोई को पंजाब लाना चाहती है, लेकिन केंद्रीय गृह मंत्रालय इसकी इजाज़त नहीं देता। उन्होंने कहा कि लॉरेंस बिश्नोई के मामले में भी यही बात लागू होती है, और कहा कि अगर ज़रूरत पड़ी तो राज्य एजेंसियां तिहाड़ जेल में उनसे पूछताछ करने की कोशिश करेंगी।
एक दूसरे सवाल के जवाब में, मान ने नवजोत कौर सिद्धू के इस आरोप को खारिज कर दिया कि AAP सरकार ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग के खिलाफ जांच को “ठंडे बस्ते में डाल दिया है”।
नवजोत कौर सिद्धू द्वारा अपनी जान को खतरा बताए जाने के बारे में पूछे जाने पर, मान ने कहा कि ऐसे में उन्हें बोलने से पहले सोचना चाहिए था। “आप आरोप लगाकर मेरे पास नहीं आ सकते। उन्हें पहले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से अपॉइंटमेंट लेकर पार्टी प्लेटफॉर्म पर मुद्दे उठाने चाहिए थे,” उन्होंने कहा।









