दलित नाबालिग का अपहरण, जबरन धर्म परिवर्तन और उससे शादी करने के आरोप में 2 गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर: अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि एक दलित नाबालिग लड़की का कथित तौर पर अपहरण, उसका अवैध रूप से धर्म परिवर्तन और उससे शादी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
जस्टिस न्यूज
पुलिस ने बताया कि ये गिरफ्तारियाँ मंगलवार को की गईं और घटना इसी महीने की शुरुआत में हुई थी। क्षेत्राधिकारी (बुढ़ाना) गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी तालिब (25) और उसके सहयोगी शादाब (23) पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के कई प्रावधानों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि उन पर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 की धारा 3 और यौन अपराधों से बालकों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम, 2012 की धारा 3 और 4 के तहत भी आरोप लगाए गए हैं।
पीड़िता के भाई द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, नाबालिग को 5 अक्टूबर को तालिब ने अपने दोस्त शादाब की मदद से अगवा किया था। उसे मध्य प्रदेश के जबलपुर ले जाया गया, जहाँ कथित तौर पर उसका जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया और बाद में तालिब से निकाह करा दिया गया।









