दलित महिला की जमीन पर जबरन सड़क निर्माण का आरोप:महराजगंज में प्रधानपति समेत 11 नामजद और 50 अज्ञात पर SC/ST एक्ट में FIR
महराजगंज जिले के पनियरा थाना क्षेत्र के बेनीगंज गांव में एक दलित महिला की निजी भूमि पर जबरन चकमार्ग का निर्माण किया गया। विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट की गई और जातिसूचक गालियां दी गईं।
पीड़िता जानकी देवी ने आरोप लगाया है कि उनकी आराजी संख्या 4567 के सामने पहले से ही सरकारी चकमार्ग और मुख्य मार्ग मौजूद है। इसके बावजूद, गांव के कुछ प्रभावशाली लोगों ने इन मार्गों पर कब्जा कर लिया है।
जानकी देवी के अनुसार, 19 जुलाई 2025 को ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शेषमणि और अन्य लोग हथियारों के साथ उनकी जमीन पर आए। वे जबरदस्ती बीचों-बीच सड़क बनाने लगे। उन्होंने खेत में लगी धान की मिट्टी का इस्तेमाल सड़क निर्माण के लिए किया।
विरोध करने पर आरोपियों ने जानकी देवी को लात-घूँसों और डंडों से पीटा। आरोप है कि उन्होंने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। खींचतान में जानकी देवी के कपड़े फट गए।
पनियरा प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और SC/ST एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रधान प्रतिनिधि और उसके पुत्र सहित 11 नामजद और लगभग 50 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। जानकी देवी ने प्रशासन से न्यायोचित कार्रवाई, अपनी फसल के मुआवजे का भुगतान और दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्यवाही की मांग की है।
इस मामले में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शेषमणि का कहना है कि मई माह में राजस्व टीम द्वारा चकमार्ग का सीमांकन हुआ था। पिलर भी गड़ा हुआ था। उन्होंने उसी जगह पर सड़क पटवाई है। उन्होंने यह भी बताया कि उक्त लोगों द्वारा पहले भी उनके खिलाफ SC/ST एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज कराए गए हैं।
सौजन्य : दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://www.bhaskar.com/local/प्रकाशित किया गयाहै और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









