लखीमपुर में दलित महिला को गोली मारने का मामला:पीड़िता के बेटे ने एसपी से की आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, आरोपियों के पक्ष मे ग्रामीण
लखीमपुर खीरी के पढुआ थाना क्षेत्र में एक दलित महिला पर हुए जानलेवा हमले के आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। घटना 24 जून की रात की है। पचासा मजरा सुजानपुर में 60 वर्षीय महिला घर के बाहर सो रही थी। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोली चला दी।
गंभीर हालत में महिला को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रमिया बेहड़ ले जाया गया। फिर जिला अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने स्थिति नाजुक देखते हुए उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वहां इलाज के बाद वह घर लौट आई हैं।
पीड़िता के बेटे ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने सुजानपुर के वशिष्ठ नारायण, अश्विनी कुमार, मनोज मौर्य और पवन मौर्य पर आरोप लगाया है। एक पुराने जमीन विवाद में जान से मारने की नियत से गोली मारने का आरोप है। पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट और जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
आरोपी वशिष्ठ नारायण का कहना है कि जमीन विवाद न्यायालय में निपट चुका है। उन्होंने कहा कि जब मामला सुलझ चुका है तो विवाद की कोई वजह नहीं है। करीब 60-65 ग्रामीणों और पंचायत सदस्यों ने आरोपियों के पक्ष में प्रमाण पत्र दिया है।
पढुआ थानाध्यक्ष विवेक कुमार उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच जारी है। दोषी पाए जाने पर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। पीड़िता के बेटे अमन कुमार गौतम ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
सौजन्य :दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://www.bhaskar.com/local/uttar-pra प्रकाशित किया गयाहै और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









