मैं बालिग हूं, शिक्षित हूं, मुझे परिवार से कोई मतलब नहीं…दो लड़कियों ने कोर्ट को लिखा शपथपत्र
छतरपुर में एक और समलैंगिक शादी का किस्सा सामने आया है, जहां 21 और 24 साल की लड़कियों ने परिवार से नाता तोड़ दिया है. आइए जानते हैं पूरा मामला|
छतरपुर में दो लड़कियों ने समलैंगिक विवाह किया.
परिवार से नाता तोड़कर कोर्ट में शपथपत्र दिया.
तीन महीने में छतरपुर में दूसरा समलैंगिक विवाह मामला
छतरपुर जिले में एक बार फिर समलैंगिक विवाह का मामला सामने आया है. दरअसल छतरपुर में 21 और 24 साल की दो लड़कियों ने आपस में शादी कर ली. दोनों ने समलैंगिक रिश्ते को स्वीकार करते हुए बीते मंगलवार को शपथ-पत्र बनाकर साथ रहने की सहमति भी जताई. उन्होंने कहा कि अब हमारा परिवार से कोई नाता नहीं है. हम दोनों साथ-साथ रहेंगे. बता दें, इससे पहले दौरिया गांव की 23 वर्षीय सोनम यादव और असम की रहने वाली मानसी वर्मन ने पुलिस की मौजूदगी में थाने के बाहर मार्च में शादी की थी|
ये मामला नौगांव तहसील क्षेत्र के एक गांव का है. दो दिन पहले दोनों युवतियां अचानक घर से लापता हो गई थीं. परिजन ने नौगांव थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी. जिसके बाद युवतियों ने पुलिस से बताया कि वे एक-दूसरे से प्रेम करती हैं और साथ रहना चाहती हैं|
जिले में आया दूसरा मामला
बता दें, छतरपुर में 3 महीने में समलैंगिक शादी का ये दूसरा मामला है. इससे पहले दौरिया गांव की 23 वर्षीय सोनम यादव और असम की रहने वाली मानसी वर्मन ने पुलिस की मौजूदगी में थाने के बाहर मार्च में शादी की थी|
युवती ने कहा परिवार से नहीं कोई संबंध
21 वर्षीय युवती ने शपथपत्र में कहा कि मैं बालिग हूं, शिक्षित हूं और मानसिक रूप से सक्षम हूं. यह रिश्ता मेरी मर्जी से है. मैंने परिवार को नहीं बताया और अब कोई संबंध भी नहीं रखती हूं. अगर कोई विवाद हुआ तो उसकी जिम्मेदारी मेरी होगी. परिवार के लोग इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रहे, इसलिए हमने सुरक्षा के लिए कानूनी रास्ता चुना है|
दो साल पहले मंदिर में की थी शादी
दूसरी युवती ने बताया कि वह 12वीं पास है और दो साल पहले 9 दिसंबर 2023 को दोनों ने मंदिर के पास विवाह किया था. तब से अपने-अपने घर में रह रही थी. उन्होंने कहा कि हम दोनों बालिग हैं. परिवार साथ नहीं रहने दे रहा, इसलिए कोर्ट में शपथपत्र देकर शादी की है. अब साथ ही रहेंगे|
टीआई ने मामले को लेकर ये कहा
नौगांव थाना प्रभारी सटीक सिंह ने बताया कि दोनों युवतियां सुरक्षा के लिए थाने आई थीं. एक दिन पहले ही युवतियों के माता-पिता गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने आए थे. लेकिन अब तक थाने में इस मामले को लेकर कोई शिकायत नहीं आई है|
सौजन्य :न्यूज़ 18
नोट: यह समाचार मूल रूप सेhttps://hindi.news18.com/news/ajab-gaja प्रकाशित किया गयाहै और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।








