दलित महिला से छेड़छाड़ और लूटपाट:दबंगों ने घर में घुसकर की मारपीट, एक माह के बच्चे समेत परिवार के कई लोग घायल
जौनपुर के थाना सरायख्वाजा क्षेत्र के ग्राम हमजापुर में एक दलित महिला के साथ छेड़छाड़ और लूटपाट का मामला सामने आया है। घटना 19 मई 2025 को दोपहर 2 बजे की है।
गांव के उमेश यादव, राहुल यादव और फौजदार यादव ने 5-6 अन्य लोगों के साथ पीड़िता के घर में जबरन प्रवेश किया। आरोपियों ने पहले महिला के घर के दरवाजे पर लगे आम के पेड़ की डालियां तोड़ीं। फिर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए दरवाजा तोड़ दिया।
आरोपियों ने महिला के साथ छेड़छाड़ की और उसका सोने का लॉकेट छीन लिया। इस दौरान पीड़िता की जेठानी लक्ष्मी कन्नौजिया के आने पर उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया गया और उनका मंगलसूत्र छीन लिया।
पीड़िता की आवाज सुनकर उसकी सास यशोधरा देवी, ससुर मोतीलाल और पति विनोद कुमार मदद के लिए आए। आरोपियों ने उन पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इस हमले में पीड़िता की गोद में मौजूद एक माह का बच्चा भी घायल हुआ।
मेडिकल नहीं कराया गया पीड़िता ने 112 पर कॉल की। पुलिस ने घायलों को सदर अस्पताल जौनपुर पहुंचाया, जहां सिर्फ दवाएं दी गईं, मेडिकल नहीं किया गया। थाना सरायख्वाजा में शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। आरोपियों ने पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी है।
सौजन्य : दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://www.bhaskar.com/local/uttar-pr पर प्रकाशित किया गया है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









