National Herald Case : सोनिया-राहुल के खिलाफ चार्जशीट, आज देशभर में ईडी दफ्तरों पर पार्टी करेगी प्रदर्शन, जानें अपडेट
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ नेशनल हेराल्ड मामले में चार्जशीट दायर की है। इसके खिलाफ आज कांग्रेस पार्टी देशभर में प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस राज्यों के ED दफ्तरों के बाहर प्रदर्शन करेगी।
Written By NBT NEWS DESK
Congress Nationwide Protest Live Updates: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कांग्रेस के नेशनल हेराल्ड अखबार से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में चार्जशीट दाखिल की है। चार्जशीट के बाद कांग्रेस केंद्र सरकार के साथ आर-पार की लड़ाई के मूड में है। बुधवार को कांग्रेस पार्टी राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन करने सड़क पर उतरेगी। संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल की ओर से जारी एक बयान में सरकार के इस कदम की कड़ी आलोचना की गई है। पार्टी इस कदम को लेकर कड़ा विरोध जताने के लिए देशभर में ED ऑफिस के बाहर प्रदर्शन करेगी।
क्या है नेशनल हेराल्ड केस, जिसमें ईडी ने राहुल-सोनिया गांधी के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट
नेशनल हेराल्ड आजादी से पुराना अखबार है, लेकिन नेशनल हेराल्ड पर भ्रष्टाचार के आरोप साल 2012 में लगे थे। इसके खिलाफ सुब्रमण्यम स्वामी ने केस दर्ज कराया। बीजेपी नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने अपनी याचिका में कहा था कि ‘यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड’ ने सिर्फ 50 लाख रुपयों में 90 करोड़ रुपये वसूलने का उपाय निकाला जो ‘नियमों के खिलाफ’ है।नेशनल हेराल्ड मामले में बीजेपी का कांग्रेस पर निशाना
भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने कहा, “उनके(कांग्रेस) प्रदर्शन करने के अधिकार को मैं चुनौती नहीं दूंगा। लेकिन प्रदर्शन किस बात के लिए? मैं बिहार से आता हूं वहां जब भी लालू यादव और उनके परिवार से ज़मीन के बदले नौकरी मामले में ED और CBI पूछताछ करती है, तब लोग पहुंच जाते हैं धरना देने के लिए… क्या वही मॉडल कांग्रेस ने अपना लिया है?”
नेशनल हेराल्ड मामले पर क्या बोले जीतू पटवारी?
नेशनल हेराल्ड मामले पर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र(जीतू) पटवारी ने कहा, “ये आज सोनिया गांधी पर, विपक्ष के नेताओं पर और लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं पर कुठाराघात है। भाजपा नफरत फैलाकर देश को गुमराह कर रही है। कांग्रेस पार्टी ने निर्णय लिया है कि पूरे देश में आंदोलन करेंगे…”
दिल्ली के अकबर रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है।
2021 में शुरू हुई थी जांच
ईडी ने 2021 में जांच शुरू की और कहा कि शिकायत में कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों की ‘आपराधिक साजिश’ को उजागर किया गया है। कुछ साल पहले इस मामले में ईडी ने सोनिया और राहुल से घंटों पूछताछ की थी। कुछ दिन पहले ही ईडी ने इस मामले से जुड़ी दिल्ली, लखनऊ और मुंबई में 661 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों को कब्जे में लेने का नोटिस जारी किया था।
बीजेपी नेता सुब्रमण्यन स्वामी ने की थी शिकायत
बीजेपी नेता सुब्रमण्यन स्वामी ने सोनिया, राहुल और उनके सहयोगियों के खिलाफ इस मामले की शिकायत की थी। शिकायत में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, कांग्रेस के ही दिवंगत नेता मोतीलाल वोरा, ऑस्कर फर्नांडिस, सैम पित्रोदा और सुमन दुबे पर घाटे में चल रहे नैशनल हेरल्ड अखबार और इसकी प्रकाशन कंपनी असोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड की 2000 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति को यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड के जरिए धोखाधड़ी और हेराफेरी के जरिए हड़पने का आरोप लगाया था। सोनिया और राहुल के पास यंग इंडियन के सबसे ज्यादा शेयर हैं, जिनमें से प्रत्येक के पास 38% शेयर हैं।
राज्यों के ED दफ्तरों के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन
पार्टी ने बुधवार को सभी प्रदेश कांग्रेस कमिटियों को राज्यों के ED हेडक्वॉर्टर के सामने विरोध प्रदर्शन आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। सभी राज्यों में कांग्रेस के सीनियर नेता, विधायक, सांसद, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को मिलकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर विरोध जताने को कहा गया है।
कांग्रेस ने क्या कहा?
पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि नेशनल हेराल्ड की संपत्ति जब्त करना और पार्टी नेतृत्व के खिलाफ चार्जशीट सरकार का अन्यायपूर्ण और मनमाना कदम है। पार्टी ने भारत की आत्मा के लिए लड़ाई लड़ी है और फिर से लड़ेंगे।
सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करना प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की ओर से बदले की राजनीति और धमकी के अलावा कुछ नहीं है। कांग्रेस और उसका नेतृत्व चुप नहीं रहेगा।
ED ने 9 अप्रैल को दायर की चार्जशीट
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कांग्रेस के नैशनल हेरल्ड अखबार से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में चार्जशीट दाखिल की है। इसमें कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और अन्य को आरोपी बनाया गया है। ईडी ने 9 अप्रैल को यह चार्जशीट दाखिल की, जो मंगलवार को सीबीआई मामलों के स्पेशल कोर्ट के समक्ष विचार के लिए आई। अदालत ने कुछ मुद्दों पर सफाई मांगी और चार्जशीट पर संज्ञान लेने के मुद्दे पर विचार के लिए 25 अप्रैल की तारीख तय की।
ईडी की चार्जशीट में इन नेताओं का नाम भी शामिल
चार्जशीट में कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा और सुमन दुबे के नाम भी बतौर आरोपी शामिल हैं। कांग्रेस ने इसे बदले की राजनीति बताया है।
साभार : नव भारत टाइम्स
नोट: यह समाचार मूल रूप सेhttps://navbharattimes.com/bha पर प्रकाशित किया गया है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।








