जमीनी विवाद में दलित किसान पर हमला:खीरी में गन्ने की फसल काटते समय चार लोगों ने की मारपीट, एससी-एसटी एक्ट में केस दर्ज
लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी थाना क्षेत्र में एक दलित किसान के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पट्टे (54) पुत्र कन्धईलाल ने चार लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत शिकायत दर्ज कराई है।
घटना 2 जनवरी 2025 की सुबह करीब 9 बजे की है। पट्टे अपने खेत में गन्ने की फसल काट रहे थे। इसी दौरान गांव के राजेश शुक्ला, सुबोध मिश्रा, सीमा शुक्ला और राहुल शुक्ला लाठी-डंडों के साथ वहां पहुंचे। आरोपियों ने पीड़ित को जातिसूचक गालियां दीं और खेत छोड़ने की धमकी दी।
पीड़ित ने बताया कि उक्त जमीन (गाटा संख्या 106 और 108) उन्हें करीब 5 साल पहले 18 मार्च 2019 को उपजिलाधिकारी मोहम्मदी के आदेश से मिली थी। जब पीड़ित ने यह बात आरोपियों को बताई, तो उन्होंने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित की आवाज सुनकर उनकी पत्नी और बेटा मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
मोहम्मदी पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी मोहम्मदी द्वारा की जाएगी।
सौजन्य : दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://www.bhaskar.com/local/punjab/jalan पर प्रकाशित किया गया है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।








