4 थानों की फोर्स के साथ दलित दूल्हे की निकली बैंड बाजा बारात, घोड़ी पर नहीं बैठने की मिली थी धमकी
झुंझुनूं में पुलिस फोर्स के साथ एक दलित दूल्हे की बारत निकाली गई. तीन दिन पहले ही गांव के स्वर्ण जाति के कुछ युवकों ने दूल्हे व उसके परिवार को घोड़ी पर न बैठने की धमकी दी थी.
झुंझुनूं में पुलिस के पहरे के बीच दलित दूल्हे की बैंड बाजा के साथ बारात निकाली गई. मौके पर चार थानों का पुलिस जाब्ता तैनात रहा. कुछ दिन पहले ही सवर्ण समाज के कुछ युवकों ने दूल्हे और उसके परिवार को घोड़ी पर बैठने को लेकर धमकाया था. मामला मेहाड़ा थाना इलाके की रामपुरा ग्राम पंचायत का है. पंचायत के गोविंदासपुरा गांव में दलित दूल्हे की बिंदौरी से पहले काफी विरोध हुआ. जिसके बाद मौके पर पुलिस को बुलाया गया.
पुलिस ने आके मामले को शांत किया. हालांकि फिर विरोध न हो और हंगामें को टालने के लिए मौके पर टीम भी भेजी गई. कई इलाकों से निकली इस बारात के साथ पुलिस के जवान भी नजर आए. इस दौरान चार थानों समेत क्यूआरटी टीम के 60 से अधिक जवान वहां तैनात थे.
जानकारी के अनुसार गोविंददासपुरा गांव के मेघवाल समाज के दूल्हे की शनिवार शाम को बारात रवाना होनी थी. बारात रवाना होने से पहले गांव में दूल्हे को घोड़ी पर बैठाकर बारात निकाली गई थी. स्वर्ण जाति के कुछ युवकों ने घोड़ी पर बैठकर बिंदौरी नहीं निकालने के लिए परिवार को धमाया था. धमकी के बाद दूल्हे के परिजनों ने एसपी के पास शिकायत की थी. पुलिस समझाइश के लिए गांव में गई थी, लेकिन फिर भी लोगों ने विरोध किया था.
हंगामे के बाद पुलिस ने डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों को पाबंद कर दिया था. बावजूद इसके संभावित विरोध को देखते हुए बिंदौरी के लिए मेहाड़ा, खेतड़ी, खेतड़ी नगर व बबाई थाने के जवानों सहित पुलिस लाइन से क्यूआरटी टीम को मौके पर तैनात किया गया था. बिंदौरी निकलने के बाद बारात नारनौल के शोभापुर चली गई थी.
साभार :ज़ी न्यूज़ इंडिया
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://zeenews.india.com पर प्रकाशित हुआ है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।








