बरेली में आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों का उग्र हुआ प्रदर्शन, सड़क पर फेंका कूड़ा
बरेली में आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों ने वेतन न मिलने और एफआईआर के विरोध में उग्र प्रदर्शन किया। उन्होंने वार्डों में काम ठप कर सड़कों पर कूड़ा फेंककर अपना विरोध दर्ज कराया।
जागरण संवाददाता, बरेली। शासनादेश के अनुसार वेतन नहीं मिलने और नगर स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा एफआईआर कराने के विरोध में बुधवार को आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन उग्र हो गया।
वार्डों में काम ठप कर बाकरगंज से डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में लगी गाड़ियों को पैदल मार्च कर बदायूं रोड, चौपुला, श्यामगंज, कटरा चांद खां, सेटेलाइट चौराहा तक सड़क पर कूड़ा फेंक दिया।
स्थानीय निकाय सफ़ाई कर्मचारी संघ के ज़िलाध्यक्ष आशीष कुमार की अगुवाई में प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने निगम से शासनादेश के अनुसार एजेंसियों से वेतन भुगतान कराने, नगर स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा कराये मुकदमे को वापस लेने तक कार्य बहिष्कार जारी रखने का एलान कर दिया।
आउटसोर्स कर्मचारियों की प्रदर्शन पर नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने अपर नगर आयुक्त, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, उप नगर स्वास्थ्य अधिकारी समेत अन्य अधिकारियों को तलब कर पूरे प्रकरण को जल्द से जल्द निपटाने के निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को नगर स्वास्थ्य अधिकारी को ज्ञापन देने पहुंचे आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों ने ज्ञापन लेने के दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी के चेहरे पर चूड़ी फेंक दिया था।
प्रकरण में नगर स्वास्थ्य अधिकारी के शिकायती पत्र पर स्थानीय निकाय सफ़ाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष आशीष कुमार समेत छह लोगों के विरुद्ध सरकारी काम में बाधा समेत अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करा दी थी।
सौजन्य :दैनिक जागरण
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://www.jagran.com/uttar-pradeshपर किया गया है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









