भारी पुलिस फोर्स के बीच दलित दूल्हों ने की घुड़चढ़ी, छावनी बना महेंद्रगढ़ का यह गांव
महेंद्रगढ़ के तलवाना गांव में कड़ी सुरक्षा के बीच दलित समाज की बारात निकाली गई। दो पक्षों के बीच पुराने विवाद को देखते हुए पुलिस ने गांव में कड़े इंतजाम किए थे। दूल्हे रवि और अजय की घुड़चढ़ी पुलिस के पहरे में करवाई गई। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया था।
विवाद की आशंका पर पुलिस ने संभाला मोर्चा
जानकारी के अनुसार, तलवाना निवासी रवि और अजय की शादी राजस्थान के खैरथल जिले के बासणी गांव में तय हुई थी। परिजनों ने दूल्हे के घोड़ी चढ़ने को लेकर विवाद होने की आशंका जताई थी। उन्होंने पहले ही प्रशासन को इसकी सूचना दे दी थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीएसपी दिनेश कुमार और एसएचओ सज्जन कुमार मौके पर पहुंचे। महेंद्रगढ़ से अतिरिक्त पुलिस बल और डायल 112 की टीम को भी गांव में तैनात किया गया।
शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई रस्में
स्वर्ण समुदाय के कुछ लोगों ने आयोजन पर आपत्ति जताई थी। हालांकि, पुलिस की मौजूदगी के कारण माहौल शांत रहा। शाम करीब 3:30 बजे पुलिस सुरक्षा घेरे में दोनों दूल्हों की निकासी रस्म पूरी की गई। इस दौरान रिश्तेदारों ने डीजे की धुन पर जमकर डांस किया। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में पहले भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, इसलिए इस बार प्रशासन पूरी तरह सतर्क था।
सुरक्षा घेरे में बारात रवाना
कनीना सदर थाना प्रभारी सज्जन कुमार ने बताया कि परिजनों की मांग पर पर्याप्त पुलिस बल लगाया गया था। निकासी शांतिपूर्ण रही और कोई विवाद नहीं हुआ। बारात के राजस्थान रवाना होने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। पीड़ित परिवार ने शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन का धन्यवाद किया।
सौजन्य : राईट न्यूज़ इंडिया
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://rightnewsindia.com/hary पर प्रकाशित किया गया है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









