हाथरस में दलित महिला से दुष्कर्म, घर में घुसकर आरोपी ने की दरिंदगी
यूपी के हाथरस में एक दरिंदगी की खबर सामने आई है। दलित विधवा महिला से पड़ोसी युवक ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
सूरज मौर्या, हाथरस: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले की कोतवाली सहपऊ के एक गांव में 40 वर्षीय दलित विधवा महिला के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। विधवा महिला ने पड़ोसी शख्स पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला ने आरोपी के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़िता के बड़े पुत्र ने बताया कि रविवार सुबह करीब 3:30 बजे एक शख्स उनकी मां के कमरे में जबरन घुस आया। उसने मां का मुंह बंद कर दुष्कर्म किया। किसी तरह मां ने अपना मुंह छुड़ाकर चीख लगाई। परिवार के सदस्यों ने आरोपी को पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी और परिवारजनों के बीच मारपीट भी हुई। युवक किसी तरह अपने आप को छुड़ाकर भाग गया। पीड़ित परिवार ने कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
कोतवाली पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल चेकअप करवाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए कई बार दबिश दी, लेकिन आरोपी गांव से फरार हो गया है। सीओ अमित पाठक ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के अनुसार मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस लगातार आरोपी के घर पर दबिश दे रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सौजन्य :नवभारत टाइम्स
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://navbharattimes.indiatimes.co प्रकाशित किया गयाहै और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









