भारत जोड़ो यात्रा:राहुल गांधी आज महाराष्ट्र से मप्र में करेंगे प्रवेश; प्रदेश की 82 दलित-आदिवासी सीटों पर असर की उम्मीद
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अपने 76वें दिन 23 नवंबर, बुधवार को सुबह साढ़े छह बजे बुरहानपुर में मध्यप्रदेश की सीमा के पहले गांव बाेदरली पहुंचेगी। बाबा साहेब आंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण कर राहुल प्रदेश में अपना अभियान शुरू करेंगे। जिस समय राहुल बुरहानपुर से खंडवा की तरफ बढ़ रहे होंगे, लगभग उसी समय मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान यहां से लगभग सौ किलोमीटर दूर बड़ौदा अहीर गांव में टंट्या मामा की जन्मस्थली पर एक कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सीएम का यह कार्यक्रम अचानक बनाया गया है व इसे आदिवासियों के लिए बने पेसा एक्ट पर जागरूकता अभियान का नाम दिया गया है। पहले यह जनजातीय गौरव यात्रा के नाम से होना था और इसमें केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को आना था, लेकिन राहुल की यात्रा के असर को देखते हुए इसमें बदलाव किया गया है। बुधवार रात प्रियंका गांधी भी बुरहानपुर पहुंच रही हैं और वे भी राहुल के साथ लगातार चार दिन यात्रा करेंगी।
बुरहानपुर के बाद राहुल-प्रियंका का अगला बड़ा कार्यक्रम टंट्या मामा की जन्मस्थली पर ही होगा। और यहां उनके साथ टंट्या मामा के वंशज होंगे। एक तरफ भाजपा जहां पेसा एक्ट का प्रचार प्रसार करेगी, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस दलित आदिवासियों के हक की बात करेगी। साफ है कि 2023 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा दलित और आदिवासी वोटों को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहती है।
अगर अकेले मध्यप्रदेश में देखें तो कुल 230 विधानसभा सीटों में से 82 दलित-आदिवासी सीटें हैं। जिनमें 47 अनुसूचित जनजाति और 35 अनुसूचित जाति की सीटें हैं। इन सीटों के ट्रेंड का असर महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान जैसे सीमावर्ती राज्यों की सीटों पर भी दिखाई देता है। इसका एक मतलब यह भी है कि भाजपा और कांग्रेस के बीच सबसे बड़ी रस्साकशी इन्हीं राज्यों में होनी है।
बुरहानपुर में होर्डिंग वार, यात्रा के पक्ष में भी और राहुल पर व्यंग्य भी
दो दिन पहले बिरसा मुंडा को याद करते हुए राहुल गांधी ने सावरकर पर जो सवाल खड़े किए थे उसका असर बुरहानपुर में भी दिखाई दे रहा है। पूरे शहर में एक तरफ जहां भारत जोड़ो यात्रा के पोस्टर होर्डिंग लगे हैं तो दूसरी तरफ राष्ट्र अर्चना के नाम से राहुल के बयान पर व्यंग्य कसते कई स्थानों पर होर्डिंग्स/ पोस्टर लगाए गए हैं। भारत जोड़ो कार्यक्रम का अगला बड़ा कार्यक्रम 26 नवंबर को महू में होगा। जहां वे बाबा साहब आंबेडकर की जन्मभूमि पर माल्यार्पण व जनसभा के साथ ही लोगाें को संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलवाएंगे।
ओंकारेश्वर व महाकालेश्वर दोनों ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगे राहुल
राहुल अपनी मध्यप्रदेश यात्रा के इस चरण में ओंकारेश्वर और महाकालेश्वर जैसे दो ज्योतिर्लिंगों में पूजा करेंगे। कुल मिलाकर उनके एजेंडा में राजनीतिक फोकस दलित आदिवासी वोट होगा। उनका यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि मध्यप्रदेश में सत्ता का रास्ता मालवा-निमाड़ की 66 सीटों से जाता है और अभी भाजपा के पास 33, कांग्रेस के पास 30 और अन्य की 3 सीटें हैं। जाहिर है सभी अपने वोट का शेयर बढ़ाने की कोशिश करेंगे और भारत जोड़ो यात्रा भी इसी इलाके से निकलेगी।
सौजन्य : Dainik bhaskar
नोट : यह समाचार मूलरूप से bhaskar.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









