आईएएस अधिकारी टीना डाबी बनीं जैसलमेर की कलेक्टर, कार्यभार संभालने की फोटो की शेयर
भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी टीना डाबी ने बुधवार को राजस्थान के जैसलमेर जिले के कलेक्टर के रूप में कार्यभार संभाला। इससे पहले डाबी जयपुर में पोस्टेड थीं। नए ऑफिस का कार्यभार संभालने पर डाबी ने सोशल मीडिया पर फोटो को शेयर भी किया है। साथ ही आईएएस अधिकारी टीना डाबी ने ट्विटर पर लिखा कि आज जैसलमेर के जिला कलेक्टर और मजिस्ट्रेट के रूप में ज्वाइन किया।
आईएएस अधिकारी टीना डाबी ने इसी साल अप्रैल महीने में साथी अधिकारी डॉ प्रदीप गवांडे के साथ शादी कर सुर्खियां बटोरीं थी। ये उनके परिवार और करीबी दोस्तों की उपस्थिति में राजस्थान में एक निजी समारोह था। कुछ हफ्ते पहले टीना डाबी ने अपनी शादी की फोटो शेयर कीं और कहा कि आखिरकार मेरी शादी का एल्बम यहां है। उन यादगार दिनों को आप सभी के साथ साझा करते हुए खुशी हो रही है। तरीख 21 और 22 अप्रैल 2022।
सिविल सेवा की परीक्षा में टॉप पर पहुंचने वाली पहली दलित हैं टीना डाबी
कपल कथित तौर पर महामारी के दौरान मिले थे और डॉ गवांडे ने ही टीना डाबी को प्रपोज किया था। टीना डाबी ने साल 2015 में सिविल सेवा की परीक्षा में टॉप रैंक हासिल की थी। टीना डाबी सिविल सेवा की परीक्षा में टॉप पर पहुंचने वाली पहली दलित हैं। टीना डाबी ने साल 2016 में आईएएस अतहर खान से शादी की थी, लेकिन ये शादी ज्यादा दिनों तक नहीं चली। दोनों साल 2020 में आपसी सहमति से एक दूसरे से अलग हो गए। टीना-अतहर की शादी सुर्खियों में रही थी।
सौजन्य : Timesnowhindi
नोट : यह समाचार मूलरूप से timesnowhindi.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









