जनसमस्याओं के खिलाफ महिलाओं ने भरी हुंकार
समस्तीपुर । उजियारपुर में अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति के कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के विरुद्ध शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय पर प्रदर्शन किया। अपनी नौ सूत्री मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए जुलूस के साथ बीडीओ कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। मौके पर अंचल अध्यक्ष बसंती कुमारी की अध्यक्षता में एक सभा हुई। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने प्रखंड के एक गांव में डेढ़ माह पूर्व एक गूंगी महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना के मुख्य आरोपित की अभी तक गिरफ्तारी नहीं होने पर रोष व्यक्त किया। वक्ताओं ने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई को लचर बताया।
महिलाओं की प्रमुख मांगों में दुष्कर्म एवं हत्या मामले के आरोपित की गिरफ्तारी शीघ्र करने, बेलारी से उजियारपुर प्रखंड होते हुए सातनपुर एनएच 28 तक जानेवाली सड़क का निर्माण करवाने, राशन कार्ड से वंचित लोगों का कार्ड बनवाने तथा नाम काटने पर रोक लगाने, भूमिहीन परिवारों को जमीन देकर घर बनवाने, महादलित और दलित टोले में संपर्क सड़क बनवाने आदि शामिल थे। इस दौरान नीलम देवी, बसंती देवी, विदु कुमारी, मृदुला कुमारी की चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने बीडीओ भृगुनाथ सिंह से मिलकर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामपरी, मीरा देवी, विमल देवी, रीना देवी, खुशबू देवी, वीणा देवी, काजल किरण शर्मा, खेमयू नेता दिनेश पासवान, जगदीश महतो, रामाश्रय महतो, शिवप्रसाद सिंह, प्रमोद साह, अशोक पुष्पम, रामनारायण लाल आदि थे। पंचायत समिति सदस्यों ने मनरेगा पदाधिकारी की कार्यशैली पर उठाए सवाल
मोहिउद्दीननगर : मनरेगा पदाधिकारी की लेटलतीफी और लापरवाही पूर्ण रवैये के विरुद्ध पंचायत समिति सदस्यों ने एक बैठक की। योजनाओं के संचालन और आमजनों की समस्याओं और उसके निदान पर चर्चा करते हुए पंचायत समिति सदस्यों ने छह सूत्री प्रस्ताव पारित किया। प्रमुख जवाहर लाल राय की अध्यक्षता में उनके आवासीय परिसर में हुई बैठक में मनरेगा के सहायक अभियंता अभिमन्यु कुमार के द्वारा पंचायत समिति की योजनाओं में टाल मटोल किए जाने पर दुख व्यक्त किया। सदस्यों ने आरोप लगाया कि मनरेगा पदाधिकारी की लापरवाही के कारण निजी पशु शेड, वृक्षारोपण सहित कई योजनाएं प्रभावित हो रही हैं।
इसके लिए मनरेगा पदाधिकारी को हिदायत दी जाए, अन्यथा उनके विरुद्ध वरीय पदाधिकारी से शिकायत की जाएगी। ग्राम सभा की पंजी में पंचायत समिति सदस्यों की योजनाओं का पंजीकरण करने में आ रहे गतिरोध को मुखिया, बीडीओ एवं मनरेगा पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर दूर करने का निर्णय लिया गया। पंचायत स्तरीय सभी विकास योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक प्रतिमाह पंचायत स्तर पर कराने और उसमें संबंधित विभाग के पदाधिकारियों के उपस्थित रहने पर भी चर्चा हुई। प्रमुख जवाहर लाल राय ने कहा कि पंचायत स्तर पर विकास हमारी प्राथमिकता है। इसको लेकर पंचायत समिति के माध्यम से पंचायत के विकास में आने वाली बाधाओं की जानकारी ली गई। बैठक में निर्मला देवी, मंजू देवी, बैजू राय, ललिता सिंह, जितेंद्र सिंह, मोनी देवी, नसीमा खातून, पिकु कुमारी, चुल्हाई पासवान, सरस्वती देवी आदि पंचायत समिति सदस्य शामिल रहे।
सौजन्य : Dainik jagran
नोट : यह समाचार मूलरूप से jagran.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









