प्रधान पति के भय से दलित परिवार ने किया पलायन
मेरठ : सालोर गांव में पूर्व में रंजिश को लेकर गुर्जर व दलित परिवारों के बीच मारपीट हो गई। जिसमें दलित परिवार का युवक घायल हो गया। घटना के बाद गांव से पलायन कर चला दलित परिवार गाड़ी में सामान भरकर थाने पहुंचा। पुलिस ने विवाद में पलायन की सूचना पर सुरक्षा का आश्वासन देते हुए दलित परिवार की गांव वापसी का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी। पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल भेजा। दलित पक्ष ने छह लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपित प्रधानपति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार गांव से पलायन नहीं कर रहा है बल्कि उसने दूसरी जगह मकान बना लिया है, जहां वह शिफ्ट हो रहा है।
सालोर दक्षिण में तीन वर्ष पूर्व जंगल में घास लेने गई बीर सिंह की पत्नी जगवती की गांव निवासी अनिल गुर्जर पुत्र टीकम गुर्जर ने हत्या कर दी थी। इस मामले में अभी वह जेल में है। इसको लेकर टीकम गुर्जर और रिटायर्ड फौजी बीर सिंह दलित परिवार के बीच रंजिश चल रही है। दोनों परिवारों के बीच कई बार मारपीट हो चुकी है। बताया कि मंगलवार को बीर सिंह का बेटा दीपक किठौर से कोचिंग कर घर लौट रहा था। तभी गांव के मुख्यमार्ग पर प्रधानपति बरन सिंह के साथ खड़े टीकम के बेटे सुनील और एक अन्य से उसकी साइकिल टच हो गई। आरोप है कि इस पर बरन सिंह ने अपने बेटे आदित्य, भतीजों प्रवेश, अरुण, अक्षय और सुनील के साथ बीर सिंह के घर पहुंचा और दीपक व बीर सिंह के साथ मारपीट की। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों में सुलह कराकर लौट गई। बीर सिंह का आरोप है कि विवाद में प्रधानपति बरन सिंह ने उसको गांव से भगाने की धमकी दी थी। जिससे भयभीत बीर सिंह शुक्रवार को पिकअप में सामान भरकर परिवार के साथ गांव से पलायन कर गया। आरोप है कि प्रधान व उसके भतीजों ने रास्ते में बाइक लगाकर गाड़ी रोकी और बीर सिंह, बेटे दीपक, बेटियों बोबी, सरोज और पुत्रवधू निशा के साथ मारपीट की। पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार को थाने ले गई। जहां से घायल दीपक को अस्पताल भिजवाया। पीड़ित परिवार देर रात तक थाने पर ही जमा हुआ था। सीओ अमित राय का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज हो गई है। पुलिस ने आरोपित प्रधानपति को गिरफ्तार कर लिया है।
सौजन्य : Dainik jagran
नोट : यह समाचार मूलरूप से jagran.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









